Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2023 सीजन के दौरान घुटने की चोट से जूझ रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपनी चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। सीजन खत्म होने के ठीक बाद उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। धोनी की चोट अब कैसी है इस पर साक्षी धोनी ने बड़ा अपडेट दिया है।

साक्षी का वीडियो हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो वायरल हो रहा है। ये वीडियो एक फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान का है। इस दौरान फैंस साक्षी से धोनी के बारे में पूछते नजर आए। वीडियो में साक्षी कहती नजर आ रही हैं कि धोनी इस वक्त रिहैब से गुजर रहे हैं। साक्षी ने कहा, “ठीक हो रहा है। वह फिलहाल रिहैब में हैं।” ये जानकारी मिलने के बाद धोनी के चाहने वालों की खुशी सातवें आसमान पर पहुंच गई।

बता दें कि आईपीएल 2023 के समय धोनी को घुटने पर ब्रेस पहने देखा गया था। इस कारण उन्हें शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं भेजा गया। फैंस उनके इस फैसले से नाराज भी थे। लेकिन बाद में टीम प्रबंधन ने भी खुलासा किया कि धोनी घुटने की चोट से पीड़ित हैं, इसलिए वह पहले बल्लेबाजी करने नहीं आ सके।