Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान एक मजेदार पल देखने को मिला। KKR कप्तान अजिंक्य रहाणे को क्रैम्प्स आने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। इसी दौरान रोहित शर्मा ने डांस कर रहाणे को चिढ़ाया और माहौल हल्का करने की कोशिश की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

रहाणे को आए क्रैम्प्स, मैदान से बाहर गए

मुंबई की पारी के चौथे ओवर के बाद रहाणे को क्रैम्प्स की समस्या हुई और उन्हें मेडिकल टीम के साथ मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद उपकप्तान रिंकू सिंह ने टीम की कमान संभाली। उस समय रोहित शर्मा और रिकल्टन ने KKR के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।

रोहित शर्मा की तूफानी पारी

रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो उनके IPL करियर की सबसे तेज फिफ्टी रही। इससे पहले उनकी सबसे तेज फिफ्टी IPL 2015 फाइनल में चेन्नई के खिलाफ आई थी। रोहित ने 38 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें कई चौके और छक्के शामिल रहे। उन्होंने रिकल्टन के साथ 71 गेंदों में 148 रन की बड़ी साझेदारी की।

बड़ा रन चेज और रोहित ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड 

मुंबई इंडियंस ने 221 रनों का लक्ष्य 6 विकेट रहते और 5 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। इस जीत में रोहित की पारी ने अहम भूमिका निभाई। रोहित शर्मा ने एक टीम के खिलाफ T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित ने KKR के खिलाफ 36 पारियों में 1161 रन बना लिए, जबकि कोहली ने CSK के खिलाफ 1160 रन बनाए थे।

रहाणे की फिफ्टी, लेकिन गेंदबाजी बनी चिंता

अजिंक्य रहाणे ने मैच में 40 गेंदों में 67 रन की पारी खेली। मैच के बाद उन्होंने कहा कि टीम की गेंदबाजी काफी अनुभवहीन है क्योंकि कई मुख्य गेंदबाज चोटिल हैं और कैमरून ग्रीन फिलहाल गेंदबाजी नहीं कर पा रहे। रहाणे ने कहा कि यह बाकी खिलाड़ियों के लिए अच्छा मौका है कि वे अच्छा प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाएं।

KKR का अगला मैच

कोलकाता नाइट राइडर्स अब अपने पहले होम मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी। हैदराबाद को अपने पहले मैच में RCB के खिलाफ हार मिली थी।