Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की। रविवार को मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने पहले ही मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ तूफानी पारी खेलकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। रोहित शर्मा ने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी है। खास बात यह रही कि उन्होंने यह फिफ्टी पावरप्ले के अंदर ही पूरी कर लीजो उनके आईपीएल करियर में पहली बार हुआ।

 550 छक्के पूरे, एशिया में नंबर-1

इस मैच में तीन छक्के लगाते ही रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में अपने 550 छक्के पूरे कर लिए। इसके साथ वह टी20 में 500+ छक्के लगाने वाले एशिया के पहले खिलाड़ी बन गए और दुनिया में यह कारनामा करने वाले 9वें बल्लेबाज बने।

KKR के खिलाफ बनाया नया रिकॉर्ड

इस पारी के दौरान रोहित शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने कुल रन 1100 के पार पहुंचा दिए। वह केकेआर के खिलाफ इतने रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम था।

 IPL में 50वीं फिफ्टी, खास क्लब में एंट्री

रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर में 50वीं बार 50+ स्कोर बनाया। इसके साथ वह ऐसा करने वाले चौथे खिलाड़ी बने। विराट कोहली के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी बने।

पावरप्ले में ही दबाव में KKR

रोहित शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी ने शुरुआती ओवरों में ही मैच का रुख बदल दिया। पावरप्ले के अंदर ही अर्धशतक पूरा कर उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बना दिया और मुंबई इंडियंस को मजबूत शुरुआत दिलाई।

शुरुआत में ही बड़ा संदेश

आईपीएल 2026 के पहले ही मैच में रोहित शर्मा ने जिस अंदाज में प्रदर्शन किया, उसने साफ संकेत दे दिया है कि इस सीजन में वह बल्ले से बड़ा धमाका करने के लिए तैयार हैं।