स्पोर्ट्स डेस्क : दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए IPL इतिहास में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। राहुल ने अपने IPL करियर का 50वां 50+ स्कोर पूरा किया और साथ ही आठवीं बार एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने राजस्थान को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा।
विराट कोहली के खास क्लब में पहुंचे KL राहुल
केएल राहुल अब IPL में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ियों की एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इस सूची में विराट कोहली, डेविड वॉर्नर, शिखर धवन और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज शामिल हैं।
IPL में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर:
76 — विराट कोहली (9 शतक, 67 अर्धशतक)
66 — डेविड वॉर्नर (4 शतक, 62 अर्धशतक)
53 — शिखर धवन (2 शतक, 51 अर्धशतक)
51 — रोहित शर्मा (2 शतक, 49 अर्धशतक)
50 — KL राहुल (6 शतक, 44 अर्धशतक)
इसके अलावा राहुल ने IPL में आठवीं बार 500+ रन का सीजन पूरा किया, जो विराट कोहली (9) के बाद दूसरा सबसे ज्यादा है।
इस सीजन राहुल का दमदार प्रदर्शन
केएल राहुल इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 14 पारियों में 533 रन बनाए हैं। उनका औसत 44.41 और स्ट्राइक रेट लगभग 172 का रहा है। इस दौरान उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 152* रहा है।
राजस्थान के खिलाफ फिर चला राहुल का बल्ला
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ राहुल का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने RR के खिलाफ 19 पारियों में 882 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 51.88 और स्ट्राइक रेट 135.27 का रहा है। उनके नाम RR के खिलाफ नौ अर्धशतक दर्ज हैं।
RR ने बनाए 193 रन
मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 46 रन की विस्फोटक पारी खेली।
ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग ने भी टीम को संभाला। पराग ने 26 गेंदों में 51 रन बनाए। एक समय RR का स्कोर 162/2 था, लेकिन आखिरी ओवरों में टीम लड़खड़ा गई और 20 ओवर में 193/8 तक ही पहुंच सकी। दिल्ली के लिए मिशेल स्टार्क ने 4 विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट झटके।
राहुल-पोरेल की साझेदारी ने बदला मैच
194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 105 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक पोरेल ने 31 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन की अहम पारी खेली। अंत में कप्तान अक्षर पटेल और आशुतोष शर्मा ने टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी।
पॉइंट्स टेबल में क्या बदला?
इस जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स के 12 अंक हो गए हैं और टीम सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं राजस्थान रॉयल्स भी 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है।