Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में खेले गए मुकाबले में LSG को सीजन की नौवीं हार का सामना करना पड़ा। 220 रन जैसा विशाल स्कोर बनाने के बावजूद टीम गेंदबाजी में मैच बचाने में नाकाम रही।

मैच के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने हार से निराश जरूर दिखे, लेकिन उन्होंने अपनी टीम का खुलकर समर्थन किया। पंत ने कहा कि 'टीम में क्वालिटी की कोई कमी नहीं है' और वह अब भी खुद को एक बेहद मजबूत टीम मानते हैं।

आखिरी ओवरों में खली रन की कमी

पंत ने माना कि लखनऊ की टीम डेथ ओवरों में कुछ रन पीछे रह गई। उन्होंने कहा कि अगर टीम आखिरी ओवर में 5-10 रन और जोड़ लेती तो मुकाबला अलग हो सकता था। उन्होंने कहा, 'मिडिल ओवर्स में आर्चर ने शानदार गेंदबाजी की। हमें लगा था कि हम थोड़ा और बड़ा स्कोर बना सकते हैं, लेकिन आखिरी ओवर में ऐसा नहीं हो पाया। इस विकेट पर गेंदबाजों के लिए कुछ भी आसान नहीं था।'

अनुभव की कमी पर बोले पंत

LSG कप्तान ने माना कि दबाव वाले मौकों पर टीम में अनुभव की कमी साफ दिखाई दी। उन्होंने शाहबाज अहमद को देर से गेंदबाजी देने के फैसले पर भी सफाई दी।

पंत ने कहा, 'अनुभव ऐसी चीज है जो समय के साथ आती है। दबाव के समय उसकी कमी महसूस होती है। हमने लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों को देखते हुए कुछ बदलाव किए। लेकिन मुझे अपनी टीम पर गर्व है। इससे यह बात नहीं बदलती कि हम एक शानदार टीम हैं।'

मिचेल मार्श की पारी गई बेकार

पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG को मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने सिर्फ 9 ओवर में 109 रन जोड़ दिए। इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन ठोके, जबकि मार्श 96 रन बनाकर शतक से चूक गए। कप्तान ऋषभ पंत ने भी 23 गेंदों में 35 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसकी बदौलत LSG ने 220/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

वैभव सूर्यवंशी ने अकेले पलट दिया मैच

221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। यशस्वी जायसवाल ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन असली तबाही 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने मचाई। युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच पूरी तरह RR की तरफ मोड़ दिया। ध्रुव जुरेल ने नाबाद 53 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने छक्का लगाकर टीम को 7 विकेट से जीत दिलाई।