Sports

नई दिल्ली : बर्मिंघम 2022 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी संगीता कुमारी ने अपने पहले राष्ट्रमंडल अनुभव के बारे में कहा कि एक पदक के साथ घर लौटना ‘बेहद खास अनुभव था। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 के कांस्य पदक मैच में पिछली बार की स्वर्ण पदक विजेता न्यूजीलैंड को हराकर राष्ट्रमंडल पदक के 16 साल के सूखे को समाप्त किया था।


20 वर्षीय संगीता ने कहा- एक पदक के साथ घर लौटना बेहद ही खास एहसास है। घर में त्योहार जैसा माहौल है। हमारे गांव में सभी लोग बेहद खुश और उत्साहित हैं। वह कहते हैं कि यह झारखंड के लिये गौरव का क्षण है। मेरा खयाल है कि पोडियम पर खड़े होने के अनुभव को भूलने में कुछ समय लगेगा। उन्होंने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने के बारे में कहा कि मैं पहले-पहल काफी दबाव में थी, लेकिन टीम के वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने कहा कि इस तरह महसूस करना आम बात है, खासकर एक बड़े खेल आयोजन में। मैं उनके समर्थन की आभारी हूं।

संगीता ने सेमीफाइनल की हार के बारे में कहा- हमने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन दुर्भाग्यवश नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा। आसान शब्दों में कहूं तो वह हमारा दिन नहीं था। झारखंड की युवा खिलाड़ी ने अपने भविष्य के बारे में कहा कि मैं इस युवा उम्र में यह अवसर पाकर बेहद खुश हूं। मैं जानती हूं कि मुझे अपने खेल पर काम करने की जरूरत है। मुख्य कोच और अपने टीम के साथियों की मदद से मैं अपने कौशल को सुधारते हुए टीम की नियमित सदस्य बनने पर काम कर रही हूं।