Sports

सलालाह (ओमान) : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई पुरुष हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर में गुरुवार को गोल की बरसात करते हुए जापान को 35-1 से हरा दिया। इस अविस्मरणीय मैच में मनिंदर सिंह ने सर्वाधिक 10 गोल किए, जबकि मोहम्मद रहील ने सात गोल जमाए। पवन राजभर और गुरजोत सिंह ने पांच-पांच, सुखविंदर ने चार, मंदीप मोर ने तीन और जुगराज सिंह ने एक गोल किया।

 


मसाताका कोबोरी (29वां मिनट) ने मुकाबला खत्म होने से पहले जापान का एकमात्र गोल किया, लेकिन यह विशाल हार के अंतर को न के बराबर ही कम कर सका। भारत ने पांच मैचों में चार जीत के साथ 12 अंक अर्जित करते हुए क्वालीफायर के एलीट ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है, हालांकि दूसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान (12 अंक) को अब भी एक मुकाबला खेलना है। 

 

यह खबर भी पढे़:- ब्राजीलियाई फिटनेस इन्फ्लुएंसर Larissa Borges को डबल कार्डियक अरेस्ट, निधन 


तीसरे स्थान पर मौजूद मलेशिया (43 गोल) के पास नौ अंक हैं लेकिन अगर वह अपना आखिरी मुकाबला जीत भी लेता है तो उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए गोल के मामले में भारत (73 गोल) को पीछे छोड़ना होगा। इससे पूर्व, भारत ने दिन के अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 7-5 से मात दी। भारत के लिए गुरजोत ने पांच गोल किए, जबकि रहील और मनिंदर ने एक-एक गोल किया। मलेशिया के गोल आरिफ इशाक, अबू इस्माइल, मोहम्मद दिन, कमरुद्दीन कमरुलजमान और मैट स्यारमन ने दागे।