Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने एक बार फिर अपना नाम क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बुधवार को रणजी ट्रॉफी में असम के खिलाफ मुंबई के लिए 383 गेंदों में 379 रनों की पारी खेली, जो रणजी इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यकितगत स्कोर है। इसके अलावा, उन्होंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए सर्वोच्च व्यकितगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनकी इस दस्तक की जहां क्रिकेट बिरादरी प्रशंसा कर रही है, वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने ट्विटर के जरिए इस युवा बल्लेबाज की सराहना की है।

शाह ने ट्वीट किया,"रिकॉर्ड बुक में एक और रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। क्या अविश्वसनीय पारी थी। पृथ्वी शॉ को रणजी ट्रॉफी में अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने के लिए बधाई। आप अपार क्षमता वाली प्रतिभा हैं। सुपर प्राउड।"

 

शाह के इस ट्वीट का जवाब पृथ्वी शॉ ने दिया और उन्होंने शाह का धन्यवाद किया और कड़ी मेहनत जारी रखने का वादा किया।। उन्होंने लिखा,"बहुत बहुत धन्यवाद जय शाह सर। आपके प्रोत्साहन के शब्द बहुत मायने रखते हैं। कड़ी मेहनत करता रहूंगा।"

 

गौरतलब है कि पृथ्वी शॉ को हमेशा से ही एक खास टैलेंट का बल्लेबाज माना जाता रहा है। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप और घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन के चलते भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाई। हालांकि, वह जल्द ही टीम से बाहर हो गए, उन्होंने भारतीय टीम में अपना आखिरी मुकाबला 2021 में खेला था। पृथ्वी शॉ की हाल ही में घरेलू क्रिकेट में सराहनीय फॉर्म रही है, लेकिन इसके बाबजूद उन्हें भारतीय टीम में चुना नहीं जा रहा है। वह कई बार भारतीय टीम सिलेक्टर्स पर अपना गुस्सा निकाल चुके हैं।

वहीं, रणजी ट्रॉफी में तिहरे शतक के बाद पृथ्वी का एक और बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि पर कहा,"आप जानते हैं कि आप अपनी चीजें सही कर रहे हैं। आप जानते हैं कि आप अपनी प्रक्रियाओं को सही कर रहे हैं, आप खुद के प्रति ईमानदार हैं, मैदान पर और बाहर अपने करियर के साथ अनुशासित हैं। लेकिन कभी-कभी लोग अलग तरह से बात करते हैं। जो लोग आपको जानते भी नहीं हैं, वह आपको आंकते हैं।"