Sports

नई दिल्ली : खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल में संपन्न पेरिस पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए मंगलवार को नकद पुरस्कार की घोषणा की जिसमें स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 30 लाख रुपये दिए जाएंगे। 

तीरंदाज शीतल देवी की तरह मिश्रित टीम स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 22.5 लाख रुपए मिलेंगे। यहां पदक विजेताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित भव्य समारोह में खेल मंत्री ने यह घोषणा की। मांडविया ने 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक में अधिक पदक जीतने के लिए पैरा खिलाड़ियों को पूर्ण समर्थन और सुविधाएं देने का भी वादा किया। 

उन्होंने कहा, ‘देश पैरालंपिक और पैरा खेलों में आगे बढ़ रहा है। 2016 में 4 पदकों से, भारत ने तोक्यो में 19 पदक, पेरिस में 29 पदक जीते और 18वें स्थान पर रहा। हम अपने सभी पैरा खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं प्रदान करेंगे ताकि हम 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक में और अधिक पदक तथा स्वर्ण पदक जीत सकें।' 

भारत ने पेरिस पैरालंपिक में अपने ऐतिहासिक अभियान का समापन 29 पदकों के साथ किया जिसमें 7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं जो प्रतियोगिता के इतिहास में देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ पैरालंपिक खेलों के इतिहास में 50 पदकों का आंकड़ा भी पार कर लिया। पैरालंपिक पदक विजेताओं का मंगलवार को यहां स्वदेश वापस लौटने पर सैकड़ों प्रशंसकों ने फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया। 

पैरालंपिक्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी - 

अवनी लेखरा, शूटिंग, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 - स्वर्ण
नितेश कुमार, बैडमिंटन, पुरुष एकल SL3 - स्वर्ण 
सुमित अंतिल, एथलेटिक्स, भाला फेंक F64 - स्वर्ण
हरविंदर सिंह, तीरंदाजी, पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन - स्वर्ण
धरमबीर, एथलेटिक्स, पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51 - स्वर्ण
प्रवीण कुमार, एथलेटिक्स, पुरुषों की ऊंची कूद टी64 - स्वर्ण
नवदीप सिंह, एथलेटिक्स, पुरुषों की भाला फेंक F41 - स्वर्ण

मनीष नरवाल, शूटिंग, पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 - रजत
निषाद कुमार, एथलेटिक्स, पुरुषों की ऊंची कूद T47 - रजत
योगेश कथुनिया, एथलेटिक्स, पुरुषों की डिस्कस थ्रो F56 - रजत
थुलसिमाथी मुरुगेसन, बैडमिंटन, महिला एकल SU5 - रजत
सुहास यतिराज, बैडमिंटन, पुरुष एकल SL4 - रजत
शरद कुमार, एथलेटिक्स, पुरुषों की ऊंची कूद टी63 - रजत
अजीत सिंह, एथलेटिक्स, पुरुषों की भाला फेंक एफ46 - रजत
सचिन खिलारी, एथलेटिक्स, पुरुषों की गोला फेंक एफ46 - रजत
पर्णव सूरमा, एथलेटिक्स, पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51 - रजत 

मोना अग्रवाल, शूटिंग, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 - कांस्य
प्रीति पाल, एथलेटिक्स, महिलाओं की 100 मीटर T35 - कांस्य
रूबीना फ्रांसिस, शूटिंग, महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 - कांस्य
प्रीति पाल, एथलेटिक्स, महिलाओं की 200 मीटर T35 - कांस्य
मनीषा रामदास, बैडमिंटन, महिला एकल SU5 - कांस्य
राकेश कुमार / शीतल देवी, तीरंदाजी, मिश्रित टीम कंपाउंड ओपन - कांस्य
निथ्या श्री सिवन, बैडमिंटन, महिला एकल SH6 - कांस्य
दीप्ति जीवनजी, एथलेटिक्स, महिला 400 मीटर T20 - कांस्य
मरियाप्पन थंगावेलु, एथलेटिक्स, पुरुष उच्च जम्प टी63 - कांस्य
सुंदर सिंह गुर्जर, एथलेटिक्स, पुरुषों की भाला फेंक एफ46 - कांस्य
कपिल परमार, जूडो, पुरुषों की -60 किग्रा जे1 - कांस्य
होकाटो होटोझे सेमा, एथलेटिक्स, पुरुषों की शॉट पुट F57 - कांस्य
सिमरन, एथलेटिक्स, महिलाओं की 200 मीटर T12 - कांस्य