Sports

खेल डैस्क : पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मजबूत नजर आ रही न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका टीम ने 190 रनों से हरा दिया। न्यूजीलैंड की हार से सेमीफाइनल की रेस में लगी पाकिस्तान, अफगानिस्तान को बड़ी राहत मिली है। अब चौथे स्थान के लिए तीन टीमों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। बहरहाल, न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था। दक्षिण अफ्रीका की ओर से डीकॉक ने 114 तो रासी वेन ने 133 रन बनाए। अंत में डेविड मिलर ने तेजतर्रार अर्धशतक लगाकर स्कोर 357 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ग्लेन फिलिप्स के 60 रनों के बावजूद 167 रन ही बना पाई और 190 रनों से मैच गंवा दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को जेन्सन ने 3 तो केशव महाराज ने 4 तो जेराड कोइट्जे ने 2 विकेट लीं।

 

यह भी पढ़ें:-  गोल्फ कार्ट से गिरे Glenn Maxwell, इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेल सकेंगे

 

इससे पहले खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान बावुमा और डी कॉक के कारण सधी हुई शुरूआत की थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े थे। बावुमा 24 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर आऊट हुए। इसके बाद डीकॉक और रासी वेन पारी को संभाल लिया और 238 तक ले गए। डीकॉक 116 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 114 रन बनाने में सफल रहे। डीकॉक का यह विश्व कप में चौथा शतक है। वह श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के खिलाफ भी शतक जड़ चुके हैं। वह विश्व कप के टॉप स्कोरर भी हो गए हैं। 

डीकॉक के साथ रासी वेन ने भी अपना शतक पूरा किया। रासी ने शतक पूरा करने के बाद ही गेयर बदल दिया और बड़े शॉट लगाए। वह 48वें ओवर में साऊदी की गेंद पर बोल्ड हुए। उन्होंने आऊट होने से पहले 118 गेंदों पर 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से 133 रन बनाए। इसके बाद डेविड मिलर ने एक छोर संभालकर बड़ी हिटिंग जारी रखी। मिलर ने जहां 30 गेंदों पर 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए तो वहीं, हेनरिक क्लासेन ने 7 गेंदों पर 15 रनों का योगदान दिया। मार्करम ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर स्कोर 357 तक पहुंचा दिया। 

 

यह भी पढ़ें:- वानखेड़े स्टेडियम में लगी सचिन तेंदुलकर की भव्य प्रतिमा

 

जवाब में खेलने उतरी न्यूजीलैंड ने तीसरे ही ओवर में डेवोन कॉनवे का विकेट गंवा लिया। कॉनवे ने 2 रन बनाए। इसके बाद रचिन रवींद्र ने विल यंग के साथ साझेदारी करने की कोशिश की लेकिन वह 9 रन बनाकर मार्को जेन्सन का शिकार हो गए। तभी दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज जेराड कोइट्जे ने गेंद थामते हुए अपने पहले ही ओवर में विल यंग को पवेलियन की राह दिखा दी। यंग ने 37 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 33 रन बनाए। 


न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर का पीछा करना था लेकिन कप्तान टॉम लैथम बीच में ही हिम्मत हार गए। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने उन्हें 4 के स्कोर पर महाराज के हाथों कैच आऊट कवा दिया। इसके बाद महाराज ने भी अपनी फिरकी का जादू दिखाया। उन्होंने डेरिल मिचेल का विकेट निकाला जिन्होंने 30 गेंदों पर 24 रन बनाए थे।

 

यह भी पढ़ें:- Quinton de Kock का विश्व कप में चौथा शतक, यह बड़े रिकॉर्ड भी कर गए अपने नाम

 

मिचेल के बाद मिचेल सेंटनर भी महाराज की गेंद पर 7 रन बनाकर बोल्ड हे गए। टिम साऊदी भी कुछ खास नहीं कर पाए और 7 रन बनाकर मार्को जेन्सन की गेंद पर पगबाधा आऊट हो गए।  जेम्स नीशम टिक ही नहीं पाए वह बिना खाता खोले ही केशव महाराज की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद एक छोर संभाले ग्लेन फिलिप्स ने भरसक प्रयास किए लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा होने के कारण वह दबाव में आ गए। इसी बीच ट्रेंट बोल्ट 9 रन बनाकर आऊट हो गए। महाराज ने उनका विकेट लिया। न्यूजीलैंड के लिए चोटिल होने के बावजूद मैट हैनरी बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन स्थिति तब तक हाथ से निकल चुकी थी। न्यूजीलैंड के लिए केवल ग्लेन फिलिप्स ने दम दिखाया। उन्होंने 50 गेंदों पर 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 

न्यूजीलैंड : डेवोन कॉनवे, विल यंग, रचिन रवींद्र, डेरिल मिशेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर/कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, मैट हेनरी, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट 

दक्षिण अफ्रीका : क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान डेर डुसेन, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को जेन्सन, गेराल्ड कोएत्ज़ी, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी