स्पोर्ट्स डेस्क : आईपीएल 2026 (IPL 2026) के एक बेहद रोमांचक और निर्णायक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार वापसी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके घरेलू मैदान में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने लगातार 6 हार के बाद न केवल जीत का स्वाद चखा, बल्कि टूर्नामेंट के प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली पड़ती उम्मीदों को भी फिर से रोशन कर दिया है।
कप्तान श्रेयस अय्यर का नाबाद शतक और विजयी छक्का
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर असली हीरो साबित हुए। 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम को अय्यर ने अपनी नाबाद शतकीय पारी से एकतरफा जीत दिला दी। अय्यर ने न केवल अपना शतक पूरा किया, बल्कि 18वें ओवर में विजयी छक्का लगाकर टीम का स्कोर 3 विकेट पर 200 रन तक पहुंचा दिया।
प्रभसिमरन सिंह की 'पावर' और लखनऊ का सरेंडर
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब को प्रभसिमरन सिंह ने भी बेहतरीन शुरुआत दी और एक शानदार अर्धशतक जड़ा। इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने जोश इंग्लिश के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए थे। हालांकि, पंजाब की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने लखनऊ का यह स्कोर बौना साबित हुआ।
लखनऊ सुपर जायंट्स टूर्नामेंट से बाहर
जहां पंजाब के लिए यह जीत संजीवनी की तरह आई है, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह हार किसी बड़े झटके से कम नहीं है। अपने आखिरी लीग मैच में मिली इस शिकस्त के साथ ही लखनऊ का आईपीएल 2026 का सफर यहीं समाप्त हो गया है।
प्लेइंग 11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
लखनऊ सुपर जायंट्स: जोश इंग्लिस, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, मोहसिन खान।