Sports

नई दिल्ली : खिताब के दावेदारों में शामिल ओडि़शा और पंजाब ने यहां क्रमश: दिल्ली और कर्नाटक को हराकर खेलो इंडिया स्कूल खेलों की हाकी प्रतियोगिता के लड़कों के वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हुए क्वार्टर फाइनल में ओडि़शा ने दिल्ली को 5-1 जबकि पंजाब ने कर्नाटक को 7-1 से हराया। वॉलीबाल में दिल्ली और बंगाल ने क्रमश: लड़के और लड़कियों के वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। 
लड़कों के फाइनल में दिल्ली ने उत्तर प्रदेश को 3-2 जबकि लड़कियों के वर्ग में बंगाल ने महाराष्ट्र को 3-0 से हराया। केरल ने उत्तराखंड को हराकर लड़कों जबकि गुजरात ने उत्तर प्रदेश को हराकर लड़कियों के वर्ग का कांस्य पदक जीता। भारोत्तोलन में राष्ट्रमंडल युवा चैंपियन मणिपुर कोंसाम ओर्मिला देवी ने 44 किग्रा वर्ग में बड़े अंतर से स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 137 किग्रा वजन उठाया जो पिछले सितंबर में गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल स्पर्धा में उठाए 133 किग्रा से चार किग्रा बेहतर है। उन्होंने स्नैच में 59 और क्लीन एवं जर्क में 78 किग्रा वजन उठाया।