स्पोर्ट्स डेस्क: Shreyas Iyer के हैरतअंगेज बाउंड्री कैच ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। Jonty Rhodes जैसे दिग्गज फील्डर भी इस कोशिश से बेहद प्रभावित नजर आए। मुंबई इंडियंस के कप्तान Hardik Pandya का विकेट लेने में अय्यर की इस एथलेटिक कोशिश ने मैच का रुख बदल दिया।
जोंटी रोड्स ने की जमकर तारीफ
जोंटी रोड्स ने सोशल मीडिया पर अय्यर के कैच की सराहना करते हुए फील्डिंग के बदलते स्तर पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'श्रेेयस अय्यर का वह शानदार ‘टीम कैच’ देखकर मुझे महसूस हुआ कि फील्डिंग कितनी बदल चुकी है। लंबे समय तक मुझे लगता था कि मैं ‘फील्डिंग का पिता’ हूं, लेकिन आज के खिलाड़ियों को देखकर अब मैं खुद को ‘फील्डिंग का दादा’ जैसा महसूस करता हूं।'
फील्डिंग में आया बड़ा बदलाव
रोड्स ने बताया कि उनके दौर में ज्यादातर फील्डिंग 30-यार्ड सर्कल के अंदर होती थी, लेकिन अब खेल पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा, 'मैंने अपने करियर का 99 प्रतिशत समय इनर सर्कल में फील्डिंग करते हुए बिताया। उस समय बाउंड्री फील्डिंग पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता था। लेकिन अब बाउंड्री पर खिलाड़ी हवा में उछलकर कैच पकड़ते हैं और छक्के को भी बचा लेते हैं।'
आईपीएल ने बदली फील्डिंग की सोच
रोड्स ने Mumbai Indians के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि आधुनिक फील्डिंग का असली बदलाव IPL में देखने को मिला। उन्होंने कहा, 'जब मैंने मुंबई इंडियंस के साथ काम किया, तब किरोन पोलार्ड और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों को बाउंड्री पर शानदार ‘एयरबोर्न सेव’ करते देखा। इसके बाद हमने इस क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया।'
इम्पैक्ट प्लेयर नियम से बढ़ी फील्डर्स की अहमियत
रोड्स ने माना कि ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम के चलते बल्लेबाजों को और आजादी मिलती है, जिससे फील्डर्स की भूमिका और अहम हो गई है। उन्होंने कहा, 'आज के दौर में जब बल्लेबाज लगातार आक्रामक खेलते हैं, तब गेंदबाजों को फील्डर्स का पूरा सहयोग चाहिए। श्रेयस अय्यर का कैच इसका बेहतरीन उदाहरण है।'
रिकी पोंटिंग का भी बताया असर
रोड्स ने Ricky Ponting का जिक्र करते हुए कहा, 'जब आपकी टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग जैसे महान फील्डर हों, तो ऐसे शानदार कैच देखना कोई हैरानी की बात नहीं है।'
बल्ले से भी चमक रहे हैं अय्यर
फील्डिंग के साथ-साथ अय्यर बल्ले से भी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन में 4 पारियों में 203 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनकी कप्तानी में Punjab Kings अभी तक अजेय है और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बनी हुई है।