स्पोर्ट्स डेस्क: पृथ्वी शॉ को हमेशा से ही एक खास टैलेंट का बल्लेबाज माना जाता रहा है। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप और घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन के चलते भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाई। हालांकि, वह जल्द ही टीम से बाहर हो गए, उन्होंने भारतीय टीम में अपना आखिरी मुकाबला 2021 में खेला था। पृथ्वी शॉ की हाल ही में घरेलू क्रिकेट में सराहनीय फॉर्म रही है, लेकिन इसके बाबजूद उन्हें भारतीय टीम में चुना नहीं जा रहा है।
वहीं, पृथ्वी ने बुधवार को एक बार फिर अपना नाम इतिहास की किताबों में दर्ज करवा लिया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते हुए असम के खिलाफ रणजी इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली है। उन्होंने 383 गेंदों में 379 रनों की पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया। उनके इस कारनामे के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकेटेश प्रसाद ने ट्विटर के जरिए पृ्थ्वी को भारतीय टीम में शामिल करने की अपील की है।

वेकेंटेश ने ट्वीट में लिखा,"एक दुर्लभ और विशेष प्रतिभा- पृथ्वी शॉ। जो भी मुद्दे उन्हें टीम से दूर रख रहे हैं, यह प्रबंधन का काम है कि वह एक मौका दें और उनके साथ एक प्रभावी संचार करें जो उनकी और भारतीय टीम दोनों की मदद कर सकता है।"
वहीं, पृथ्वी शॉ ने भी तिहरा शतक लगाने के बाद अपने आलोचकों को जवाब दिया है। उन्होंने कहा,"आप जानते हैं कि आप अपनी चीजें सही कर रहे हैं। आप जानते हैं कि आप अपनी प्रक्रियाओं को सही कर रहे हैं, आप खुद के प्रति ईमानदार हैं, मैदान पर और बाहर अपने करियर के साथ अनुशासित हैं। लेकिन कभी-कभी लोग अलग तरह से बात करते हैं। जो लोग आपको जानते भी नहीं हैं, वह आपको आंकते हैं।"