Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को गुजरात टाइंटस के खिलाफ अपने पहले IPL 2026 मैच के दौरान चोट लग गई। हालांकि अय्यर ने चोट पर बहुत संभलकर जानकारी देते हुए कहा कि मेरे हाथ के बारे में मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि यह ठीक है, जैसा पहले था, वैसा ही है। मैं किसी चीज को नजर नहीं लगाना चाहता। अब अय्यर की फिटनेस को लेकर साथी युजवेंद्र चहल ने अपडेट साझा किया है। 

पंजाब की पारी के दौरान जब टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े अय्यर की कलाई पर गेंद लगी। इससे डगआउट में चिंता फैल गई और फिजियो तुरंत उनकी मदद के लिए मैदान पर दौड़ पड़े। चोट से परेशान होने के बावजूद उन्होंने थोड़ी देर तक खेलना जारी रखा, लेकिन फिर प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें 11 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट कर दिया। उनकी इस पारी में दो छक्के शामिल थे। 

पंजाब की तीन विकेट की जीत में 4-0-28-2 का शानदार प्रदर्शन करने वाले चहल ने फैंस को भरोसा दिलाते हुए कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और अय्यर पूरी तरह से ठीक हैं। चहल ने कहा, 'वह ठीक है, वह बिल्कुल ठीक है। कोई दिक्कत नहीं है।' 

चहल ने कूपर कॉनली की भी जमकर तारीफ की जिन्हें अपने IPL डेब्यू मैच में ही 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए कॉनली ने 44 गेंदों पर शानदार 72 रन बनाए जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने 163 रनों का लक्ष्य पांच गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया। 

चहल ने कहा, 'बिल्कुल। मुझे लगता है कि वह 20 साल का है या शायद 20-22 साल का लेकिन उसके अंदर रनों की भूख है। वह चाहता है कि जब वह इस मंच पर आए और अगर अपने पहले ही मैच में उसे ऐसी स्थिति का सामना करना पड़े, जहां टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी हो और वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहा हो तो यह उसकी मानसिक परिपक्वता को दर्शाता है।' 

चहल ने कहा, 'उसे पता है कि स्थिति क्या है। उसे पता है कि अगर मैं आखिर तक क्रीज पर रहता हूं, तो मुझे ही मैच खत्म करना होगा। और यह उसकी समझदारी दिखाता है और हमारी टीम के लिए यह एक बहुत अच्छा संकेत है। और जिस तरह से वह बैटिंग कर रहा है, मुझे लगता है कि इस साल, इस सीजन में वह सबसे बड़ी खोजों में से एक होगा।'