Sports

विशाखापत्तनम : दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दिल्ली ने रविवार को खेले गए इस मैच में मौजूदा चैंपियन चेन्नई को 20 रन से हराया था। 

आईपीएल ने बयान में कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवर गति रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है। बयान के अनुसार, ‘आईपीएल आचार संहिता के तहत टीम का यह धीमी ओवर गति से जुड़ा सत्र का पहला अपराध है इसलिए पंत पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।' दिल्ली ने यह मैच जीत कर इस सत्र में अपना खाता भी खोला। 

गौर हो कि विशाखापत्तनम के मैदान में क्रिकेट फैंस को विंटेज महेंद सिंह धोनी के दर्शन हुए जहां वह आखिरी ओवरों में खूब चौके-छक्के लगाते हुए दिखे। लेकिन धोनी की यह पारी भी चेन्नई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत नहीं दिला सकी। दिल्ली ने पहले खेलते हुए डेविड वॉर्नर और ऋषभ पंत के अर्धशतकों की मदद से 191 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी चेन्नई की शुरूआत खराब रही। लेकिन रहाणे और डेरिल मिशेल ने मैच को जिंदा रखा। अंत में महेंद्र सिंह धोनी ने 16 गेंदों पर 37 रन बनाए लेकिन तब तक देरी हो चुकी थी और चेन्नई को 20 रन से हार झेलनी पड़ी।