Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : अंतरराष्ट्रीय और टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी इस साल आईपीएल को अलविदा कह सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों से उनके आईपीएल से संन्यास की योजना भी चल रही है लेकिन टीम को सफल कप्तान ना मिलने की वजह से वह टीम के साथ बने हुए हैं। पिछले साल उन्होंने टीम को पांचवां खिताब दिलाया था जबकि उससे पहले 2022 में रविंद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी गई थी जो सही फैसला साबित नहीं हुआ था। लेकिन इस बार 2024 में सीएसके को एक बार फिर से रुतुराज गायकवाड़ के रूप में नया कप्तान मिला है जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में हो सकता है कि धोनी का यह आखिरी आईपीएल हो। चाहे वह आईपीएल से संन्यास ले लें लेकिन वह टीम के साथ बने रहेंगे और उनके मार्गदर्शन में अगली पीढ़ी सीएसके के लिए काम करेगी। 

सबसे सफल कप्तान 

उन्होंने सबसे ज्यादा मैचों (226) में कप्तानी की है और 100 से ज्यादा मैच जीते हैं। उनकी अगुवाई में उनकी टीम ने 133 मैच (चेनई सुपर किंग्स ने 128 और राइजिंग पुणे सुपर सुपरजाएंट्स ने 5) जीते हैं। धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स 10 बार फइनल में पहुंची और 5 बार खिताब अपने नाम किया। रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियन्स ने भी पांच बार खिताब जीते हैं लेकिन वह रनर-अप केवल एक बार ही बनी। 

आइकॉन प्लेयर छोड़ नीलामी में जाना 

2008 में आईपीएल की शुरुआत में पहली बार क्रिकेटरों पर बोली लगी। इस दौरान 5 टीमों ने अपने 5 आइकॉन खिलाड़ी (सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग) चुने लेकिन धोनी ने नीलामी में उतरने का फैसला किया। इस पर बात करते हुए धोनी ने एक शो में कहा था, 'मेरे पास दो-तीन टीमों का आइकॉन प्लेयर बनने का मौका था। लेकिन मैंने प्लेयर्स बिड में उतरने का फैसला किया। मुझे उम्मीद थी कि बिड में उतरने से कम से कम 1 मिलियन डॉलर मिल सकते हैं।' उनका फैसला सही साबित हुए और चेनई सुपर किंग्स ने उन पर 15 लाख डॉलर की बोली लगाई थी।  

Sports

धोनी क्रिकेट के अलावा और क्या कर रहे हैं? 

क्रिकेटर के लिए खेल बहुत कुछ है, मगर सबकुछ भी नहीं और यह बात धोनी जानते हैं। धोनी ने वर्ष 2021 में सबसे ज्यादा 54 ब्रांड्स को एंडोर्स किया था और औसतन 35 से 6 करोड़ रुपए लेते हैं। धोनी ने कई कंपनियों में निवेश कर रखा है जिसमें ऑटो, फिनटेक, फूड एंड बेवरेज और एग्रो कंपनियों शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार धोनी ने बेंगलुरु में 'एमएस ग्लोबल स्कूल' शुरू किया है। वे रांची में होटल माही रेसिडेंसी के भी मालिक हैं। इसके साथ ही धोनी ने 'स्पोर्टसफिट वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड' नाम से जिम की एक चैन भी शुरू की है। उन्होंने कुछ स्पोर्टस लीग्स में टीमें भी खरीदी हैं। 

धोनी की वजह से सीएसके की ब्रांड वैल्यू 672 करोड़ 

एक रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल में सबसे ज्यादा ब्रांड वैल्यू मुंबई इंडियन्स की है जो 725 करोड़ रुपए आंकी गई है जबकि दूसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स है। इसकी बांड वैल्यू 672 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसकी ऑनर इंडिया सीमेंट्स है, लेकिन टीम की इतनी वैल्यू की एकमात्र वजह महेंद्र सिंह धोनी हैं। 

सुरेश रैना भी धोनी की रिटायरमेंट पर दे चुके हैं संकेत 

आईपीएल के 2021 के सीजन से ही धोनी के रिटायरमेंट की चर्चाएं चरम पर थीं। लेकिन 2022 में रविंद्र जेडजा की कप्तानी के बाद टीम के निराशाजनक प्रदर्शन ने धोनी को कप्तानी के लिए मजबूर किया। धोनी ने पिछले साल कहा था कि वह एक साल और खेल सकते हैं। अब गायकवाड़ को कप्तानी सौंपना और उनका सफल होना आगे की राह दिखाएगा। वहीं सुरेश रैना ने एक निजी चैनल पर धोनी के रिटायरमेंट प्लान के बारे में बताते हुए कहा था, 'मुझे माही ने कहा था, मैं एक बार और ट्रॉफी जीतकर उसके बाद एक साल तक और खेलूंगा।' पिछले साल सुपर किंग्स ने ट्रॉफी ही जीती थी और धोनी ने कहा था कि वह एक साल और खेल सकते हैं। ऐसे में हो सकता है कि यह वह साल हो जब धोनी फ्रेंचाइजी क्रिकेट को भी अलविदा कह डालें।