लंदन: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अपने भविष्य की योजनाओं का खुलासा किया है। स्टोक्स ने साफ कहा कि वह आगे चलकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कोच बनना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अभी से तैयारी शुरू कर दी है और अपना लेवल-3 कोचिंग कोर्स भी कर रहे हैं।
'इंग्लैंड का कोच बनना चाहता हूं'
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने हाल ही में अपनी टेस्ट टीम के नेतृत्व में बड़े बदलाव किए हैं। ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद स्टीफन फ्लेमिंग को नया टेस्ट हेड कोच बनाया गया है, जबकि जो रूट एक बार फिर टेस्ट टीम के कप्तान बने हैं। इसी बीच पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने अपने पूर्व साथी जोस बटलर के पॉडकास्ट For the Love of Cricket में कहा कि वह भविष्य में इंग्लैंड की ड्रेसिंग रूम में कोच के रूप में लौटना चाहते हैं। स्टोक्स ने कहा, 'मैं अभी खेलते-खेलते अपना लेवल-3 कोचिंग कोर्स कर रहा हूं, क्योंकि जब मेरा खेलने का करियर खत्म होगा, तब मैं चाहता हूं कि मेरी सारी कोचिंग की तैयारी पूरी हो।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे पता है कि मैं क्रिकेट से जुड़े रहना चाहता हूं और वह भूमिका कोच की होगी। क्या मैं एक दिन इंग्लैंड का कोच बनना चाहूंगा? बिल्कुल। मुझे नेतृत्व की भूमिका हमेशा पसंद रही है।'
घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी
संन्यास के बाद स्टोक्स इस समय डरहम की ओर से इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप में खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक चार पारियों में 193 रन बनाए हैं। वापसी मैच में उन्होंने नाबाद शतक जड़ा, इसके बाद एक तेज़तर्रार अर्धशतक भी लगाया। हालांकि बाद के मुकाबलों में वह गोल्डन डक और फिर कुलदीप यादव के खिलाफ सस्ते में आउट हुए। गेंदबाजी में भी उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए हैं। स्टोक्स वनडे कप के अलावा इस सीजन काउंटी चैंपियनशिप में भी डरहम के लिए खेलते नजर आएंगे।
BBL में 10 साल बाद वापसी की संभावना
रिपोर्ट्स के मुताबिक बेन स्टोक्स आगामी बिग बैश लीग (BBL) में वापसी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि सिडनी सिक्सर्स उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की दौड़ में सबसे आगे है, जबकि होबार्ट हरिकेंस भी स्टोक्स को साइन करना चाहती है।
अगर यह डील पूरी होती है तो स्टोक्स BBL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं। उनके पास BBL के अलावा ILT20 और SA20 जैसी लीगों में खेलने का भी विकल्प मौजूद है।