Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) 2023 के 15वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के फैंस उस समय सहम उठे, जब विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के साथ अचानक बड़ा हादसा हुआ। दिल्ली कैपिटल्स पहले बल्लेबाजी कर रही थी। पारी के 16वें ओवर में फील्डिंग कर रहे सूर्यकुमार बाउंड्री के करीब कैच लपकने के लिए तैयार हुए, लेकिन इस बीच गेंद उनके हाथ में तो नहीं आई, लेकिन उन्हें चोटिल करते हुए 6 रन के लिए चली गई।

डर गईं नीता अंबानी

हुआ ऐसा कि जेसन बेहरेनडॉर्फ ओवर फेंकने आए। 16वें ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल ने एक जोरदार शॉट मारा। गेंद लॉन्ग-ऑन की ओर 6 रन के लिए जा रही थी कि तभी वहां तैनात सूर्यकुमार ने कैच लपकने का प्रयास किया। लेकिन गेंद उनके हाथ से निकलते हुए सीधी उनके माथे पर जा लगी। वहीं गेंद उन्हें चोटिल करने के बाद 6 रन के लिए चली गई। हालांकि, सभी हैरान तब हुए जब सूर्यकुमार अपनी आंख पर हाथ रखते हुए बैठ गए। उनको इस तरह देख मुंबई की मालकिन नीता अंबानी भी सहम उठीं। 

छोड़ना पड़ा मैदान

वहीं फिजियो की टीम भी तुरंत बाउंड्री के करीब आ गई। लेकिन चोट थोड़ी गंभीर होने के कारण सूर्यकुमार यादव को मैदान छोड़ना पड़ा। उनकी जगह फिर फिल्डिंग के लिए रमनदीप सिंह को मैदान पर उतारा गया। अब सूर्यकुमार की चोट कितनी गंभीर है, इसकी जानकारी आना बाकी है, लेकिन जिस तरीके से वह चोटिल हुए हैं उससे मुंबई खेमे के लिए जरूर झटका देने वाली खबर सामने आ सकती है।