Sports

खेल डैस्क : लियाम लिविंगस्टोन की शानदार पारी के बावजूद धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 15 रन से हार झेलनी पड़ी। पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। दिल्ली ने पहले खेलते हुए डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ और रिले रौसोव की पारियों की बदौलत 213 रन बना लिए। जवाब में खेलने उतरी पंजाब की ओर से केवल लिविंगस्टोन और अर्थव तायड़े का ही बल्ला चला। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 33 रन बनाने थे, लिविंगस्टोन ने कुछ बड़े शॉट भी लगाए लेकिन पंजाब लक्ष्य तक पहुंच नहीं पाई। लिविंगस्टोन ने आखिरी गेंद पर आऊट होने से पहले 48 गेंदों में पांच चौके और 9 छक्कों की मदद से 94 रन बनाए। 
 

 


इससे पहले डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ ने धर्मशाला के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स को तेजतर्रार शुरूआत दी। दोनों ने 10.2 ओवर में ही 94 रन की साझेदारी कर दी। वॉर्नर ने पंजाब के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 31 गेंदों में 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। तो वहीं, दूसरे छोर से पृथ्वी शॉ ने भी तबड़तोड़ शॉट लगाने जारी रखे। पृथ्वी को रिले रौसोव का खूब सहारा मिला। बल्लेबाजों ने कागिसो रबाडा को मिलकर निशाना बनाया।

 

 


पृथ्वी ने 38 गेंदों पर 7 चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए तो रिले रौसोव ने एक छोर संभालकर तेजतर्रार फिफ्टी पूरी की। रौसोव ने 37 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। फिलिप सॉल्ट भी 14 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद रहे और पंजाब को 214 रनों का लक्ष्य दिया थ।

 

 


लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरूआत काफी खराब रही थी। कप्तान शिखर धवन पहली ही गेंद पर आऊट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरण और अर्थव तायड़े ने स्कोर को आगे बढ़ाया। प्रभसिमरण ने 19 गेंदों पर 22 रन बनाए। लेकिन अर्थव ने लिविंगस्टोन के साथ मिलकर स्कोर 100 पार पहुंचाया। अर्थव अच्छे टच में थे। उन्होंने 42 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मद से 55 रन बनाए। लेकिन इसके बाद लिविंगस्टोन को किसी अन्य साथी बल्लेबाज से मदद नहीं मिली। वह अकेले ही शॉट पर शॉट लगाते रहे। लेकिन लक्ष्य बड़ा होने के कारण वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। 

 

 


इस हार के साथ ही पंजाब किंग्स की मुसीबतें बढ़ गई हैं। वह प्लेऑफ की रेस में अब दूसरी टीमों पर निर्भर हैं। पंजाब की हार का सीधा फायदा बेंगलुरु, मुंबई और लखनऊ को जाएगा। पंजाब अब अगर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अगला मुकाबला जीत भी लेगा तो भी रन रेट के मामले में वह काफी पीछे जाता दिख रहा है। 

 


दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पंजाब किंग्स : शिखर धवन (c), अथर्व तायडे, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (w), सैम कुरेन, शाहरुख खान, हरप्रीत बराड़, राहुल चाहर, कगिसो रबाडा, नाथन एलिस, अर्शदीप सिंह

PBKS इम्पैक्ट सब: प्रभसिमरन सिंह, सिकंदर रजा, मैथ्यू शॉर्ट, ऋषि धवन, मोहित राठी

दिल्ली कैपिटल्स : डेविड वार्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, फिलिप साल्ट (विकेटकीपर), रिले रोसौव, अक्षर पटेल, अमन हाकिम खान, यश ढुल, कुलदीप यादव, एनरिच नार्जे, इशांत शर्मा, खलील अहमद 

DC इम्पैक्ट सब: मुकेश कुमार, अभिषेक पोरेल, रिपल पटेल, प्रवीण दुबे, सरफराज खान