Sports

नई दिल्ली : अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने शनिवार को भारत के पूर्व वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रभाकर मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया। मिश्र का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को झारखंड के रांची में निधन हो गया था। वह 75 वर्ष के थे। मिश्र सत्तर के दशक में भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा थे। वह 1976 में ढाका में आगा खान गोल्ड कप के लिए टीम में शामिल हुए और श्रीलंका के खिलाफ गोल करने का गौरव हासिल किया।        

घरेलू स्तर पर वह बिहार के लिए खेलते थे और उन्होने राज्य की फुटबाल टीम का नेतृत्व किया था। संतोष ट्रॉफी में टीम से संन्यास लेने के बाद मिश्रा ने कोचिंग की ओर रुख किया और बिहार-झारखंड क्षेत्र में प्रतिभाओं को निखारने के लिए अथक प्रयास किया।       

मिश्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा ‘‘‘‘प्रभाकर मिश्रा की मृत्यु बिहार में फुटबॉल के लिए एक बड़ी क्षति है। झारखंड और पूरे देश के फुटबाल प्रेमियों की भावनाएं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ है।'' एआईएफएफ महासचिव डॉ. शाजी प्रभाकरन ने कहा ‘‘प्रभाकर मिश्रा जीवन भर फुटबॉल के प्रति समर्पित रहे। मैं उनके निधन से दुखी हूं।''