Sports

बेंगलुरु : अंतरराष्ट्रीय हॉकी परिषद (एफआईएच) ने महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर की मेजबानी भारत को प्रदान की है। पहले यह प्रतियोगिता चीन के हांगझोउ में खेली जानी थी। महिला एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर के मुकाबले अब झारखंड की राजधानी रांची में खेले जाएंगे। यह निर्णय चीन की महिला टीम के ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने के बाद लिया गया है। प्रतियोगिता रांची में अगले साल 13 से 19 जनवरी के बीच मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेली जाएगी। भारत के अलावा, सात देशों की टीमें पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के लिए रांची में खेलेंगी। इनमें शीर्ष की तीन टीमों को पेरिस ओलंपिक में खेलने का मौका मिलेगा।

 


हॉकी इंडिया के सूत्रों ने शनिवार को कहा कि इसके अलावा अन्य तीन एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर पुरुष टीम मैच 15 से 24 जनवरी तक ओमान के मस्कट और महिला और पुरुष टीम मैच 13 से 21 जनवरी तक स्पेन के वालेंसिया में खेले जाएंगे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रांची में क्वालीफायर मैचों की मेजबानी मिलना हमारे लिए सम्मान की बात है। हम आने वाले दिनों में कुछ सर्वश्रेष्ठ एशियाई हॉकी टीमों की मेजबानी करने के लिए तैयार हैं। झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 05 नवंबर तक होने वाली है। अब इस आयोजन की मेजबानी से देश में बढ़ते खेल केंद्र के रूप में झारखंड की स्थिति मजबूत होगी।

 


हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि हमें खुशी है कि एफआईएच ने महिला एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर की मेजबानी के लिए भारत के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। यह हमारे खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर है। घरेलू दर्शकों के सामने उनका प्रदर्शन निसंदेह उत्कृष्ट होगा जो पेरिस 2024 ओलंपिक में अपना स्थान पक्का करने के द्दढ़ संकल्प को बढ़ावा देगा। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि एफआईएच द्वारा रांची में क्वालीफायर की मेजबानी के भारत के प्रस्ताव का समर्थन करना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय हॉकी के बढ़ते प्रभाव को उजागर करता है। हमें यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए हम एफआईएच और उनके अटूट समर्थन के लिए झारखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।

 


इस बीच, घरेलू दर्शकों के सामने महिला एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर में खेलने का अवसर मिलने पर भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता ने कहा कि रांची में ओलंपिक क्वालीफायर की मेजबानी करना शानदार खबर है क्योंकि यह हमें जगह पक्की करने के लिए पहले से कहीं अधिक प्रेरित करेगी।'' पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए सभी भारतीय हॉकी प्रशंसकों की उपस्थिति में, जो हर समय हमारा समर्थन करते रहे हैं। टीम रांची में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और प्रशंसकों के विश्वास पर खरा उतरने के लिए बेहद उत्सुक हैं।

 


गौरतलब है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने हाल ही में संपन्न 19वें एशियाई खेलों हांगझोउ 2022 में जापान पर 2-1 की जीत के बाद कांस्य पदक जीता और इस जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। महिला एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर से पहले भारतीय टीम 27 अक्टूबर से 05 नवंबर तक रांची में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 में खेलेगी। उनका सामना जापान, चीन, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड से होगा। यह टूर्नामेंट उन्हें पेरिस ओलंपिक क्वालीफायर करने में मददगार साबित होगा।