Sports

नई दिल्ली : भारत की 1975 की विश्व कप विजेता हॉकी टीम के सदस्य अशोक ध्यानचंद ने कहा है कि भारत इस साल टोक्यो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में हॉकी में पदक जीत सकता है। अशोक ने नौवें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। पूर्व ओलंपियन अशोक ने कहा कि यह ओलंपिक वर्ष है और भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 1980 के मास्को ओलम्पिक के बाद से ओलंपिक में कोई पदक नहीं जीता है।

Image result for hockey punjabk esari sportgs

भारतीय टीम ने एफआईएच प्रो लीग में जिस तरह विश्व चैंपियन और नंबर एक टीम बेल्जियम तथा विश्व की तीसरे नंबर की टीम हॉलैंड को हराया है उसे देखते हुए मैं यह उम्मीद कर रहा हूं कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम पदक जीत सकती है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के बच्चों को हॉकी खेलते हुए देख मेरा भी मन खेलने को ललचा रहा था लेकिन मुझे पता है कि मेरा शरीर दिमाग का साथ नहीं देगा। यह अच्छी बात है कि श्याम लाल कॉलेज दिल्ली में हॉकी में चमक रहा है और कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ रबि नारायण कर और असिस्टेंट प्रोफेसर (खेल) वी एस जग्गी हॉकी के साथ-साथ अन्य खेलों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। यह बहुत जरूरी है।

Image result for tokyo punjab kesari sports

मेजबान श्याम लाल कॉलेज ने टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में अपने खिताबी अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। उद्घाटन मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज ने इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोट्र्स साइंसेज को 3-2 से हराया। विजेता टीम के लिए पंकज, मनीष और ललित ने एक-एक गोल किया। पराजित टीम के लिए निखिलेश और बसंत ने गोल किए। 

Image result for hockey punjabk esari sportgs

कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ रबि नारायण कर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हम अगले वर्ष हॉकी टूर्नामेंट में स्कूली टीमों की भागीदारी भी सुनिश्चित करेंगे। इससे निचले स्तर पर हॉकी को बढ़ावा दिया जा सकेगा। उद्घाटन के अवसर पर श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ जसविंदर सिंह, श्याम लाल कॉलेज सांध्य के प्रधानाचार्य डॉ प्रवीण कुमार आदि उपस्थित थे।