Sports

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष और महिला टीम को क्रमश: थॉमस और उबेर कप के लिए मुश्किल ड्रॉ मिले हैं क्योंकि उन्हें 24 अप्रैल से तीन मई तक डेनमार्क के हॉर्सेंस में होने वाली प्रतियोगिता के लिए बुधवार को मौजूदा चैंपियन चीन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों भारतीय टीम को उनके खिलाड़ियों की व्यक्तिगत विश्व रैंकिंग के आधार पर आठवीं वरीयता दी गई है। विश्व बैडमिंटन महासंघ (BWF) ने बुधवार को ड्रॉ की घोषणा की। थॉमस कप 2022 चैंपियन भारत ग्रुप 'ए' से क्वार्टर फाइनल के दो स्थान में से एक अपने नाम करने का प्रबल दावेदार है। 

इस ग्रुप में पैन अमेरिका चैंपियन कनाडा और ओसियाना चैंपियन ऑस्ट्रेलिया भी शामिल हैं। हालांकि भारतीय महिला टीम के लिए नॉकआउट चरण तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा मुश्किल है क्योंकि उसे 16 बार की चैंपियन चीन के अलावा, यूरोपीय टीम चैंपियनशिप के उपविजेता डेनमार्क और कांस्य पदक विजेता यूक्रेन के साथ ग्रुप 'ए' में रखा गया है। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के महासचिव संजय मिश्रा ने ड्रॉ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'हमें ठीक-ठाक ड्रॉ मिला है और थॉमस कप तथा उबेर कप दोनों ही प्रतियोगिताओं में क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने का मौका है। हमारी टीम काफी मजबूत है जिसने यह साबित किया है कि अपने दिन पर वह किसी भी शीर्ष टीम को हरा सकती है और एक बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद कुछ भी संभव है।' 

भारतीय पुरुष टीम ने थॉमस कप के 2022 सत्र को जीतकर इतिहास रचा था जबकि महिला टीम ने 2014 और 2016 के सत्र में कांस्य पदक जीता। भारतीय पुरुष टीम 2024 में हुए पिछले टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में चीन से हार गई थी जबकि महिला टीम भी जापान से हारने के बाद क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गई थी। चीन के पास मजबूत पुरुष टीम है जिसमें शी युकी (दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी) और ली शी फेंग (दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी) के अलावा वेंग होंग यांग (दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी) और लू गुआंग झू (दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी) शामिल हैं। 

हालांकि भारत को लक्ष्य सेन की हालिया फॉर्म से आत्मविश्वास मिलेगा क्योंकि पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले इस खिलाड़ी ने इस महीने की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहने के दौरान फेंग को हराया था। भारत ने 2022 में बैंकॉक में अपना पहला थॉमस कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था। फाइनल में 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर ट्रॉफी जीतने वाला भारत केवल छठा देश बना था। 

भारत ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के बाद बीडब्ल्यूएफ पुरुष टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति के आधार पर 2026 थॉमस कप के लिए क्वालीफाई किया। महिला टीम ने भी विश्व रैंकिंग के जरिए उबेर कप में अपनी जगह पक्की की। चार-चार टीम के चार ग्रुप में बांटी कुल 16 टीम राउंड रोबिन लीग खेलेंगी जिसमें हर मुकाबले में पांच मैच (तीन एकल और दो युगल) होंगे। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। 

थॉमस कप ड्रॉ: 

ग्रुप ए : चीन, भारत, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया
ग्रुप बी : जापान, मलेशिया, इंग्लैंड, फिनलैंड ग्रुप सी: चीनी ताइपे, डेनमार्क, कोरिया, स्वीडन ग्रुप डी: इंडोनेशिया, फ्रांस, थाईलैंड, अल्जीरिया। 

उबेर कप ड्रॉ : 

ग्रुप ए: चीन, भारत, डेनमार्क, यूक्रेन 
ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका ग्रुप सी: चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया ग्रुप डी: कोरिया, थाईलैंड, बुल्गारिया, स्पेन।