नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से इनकार करते हुए कहा कि परिवार को समय देने के लिए उन्होंने यह फैसला किया है। 34 वर्ष के क्लासेन ने दक्षिण अफ्रीका का केंद्रीय अनुबंध नहीं मिलने के बाद पिछले साल जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से विदा ली थी। वह टी20 लीग खेलते हैं।
IPL द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में क्लासेन ने सनराइजर्स हैदराबाद के अपने साथी नितिश कुमार रेड्डी से बात की। क्लासेन ने कहा, 'मैने दो सप्ताह तक इसके बारे में सोचा लेकिन फिर फैसला लिया कि वापसी नहीं करनी है।' उन्होंने कहा, 'मेरे परिवार की इसमें बड़ी भूमिका है। मेरे दोस्त जब टी20 विश्व कप में अच्छा खेल रहे थे तो मुझे लग रहा था कि मैं क्यो उनके साथ नहीं हूं। मैं वापसी करना चाहता था। मैने एडेन (माक्ररम) से बात भी की।'
उन्होंने कहा, 'उसने कहा था कि अगर उसे टीम में शामिल किया गया तो मैं जरूर वापसी करूंगा। लेकिन विश्व कप के बाद मुझे लगा कि ऐसा नहीं होगा। इसलिए मैं वापसी नहीं कर रहा।' उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को 2024 में ही अलविदा कह दिया था।