Sports

नई दिल्ली : कोविड-19 महामारी के 2021 में चरम पर होने के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका निभाने वाले मनसुख मंडाविया को सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में अनुराग ठाकुर की जगह भारत का नया खेल मंत्री नियुक्त किया गया। मंडाविया (52 वर्ष) ने गुजरात की पोरबंदर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी ललित वसोया को 3.83 लाख मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। ​​युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय के अलावा मंडाविया को सोमवार को घोषित नए मंत्रिमंडल में रसायन और उर्वरक मंत्रालय का भी प्रभार दिया गया। संसद में साइकिल से जाने की वजह से उन्हें ग्रीन एमपी के रूप में भी जाना जाता है।

 

इसके अलावा महाराष्ट्र के रावेर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 3 बार की सांसद रक्षा खडसे को मंडाविया के अंतर्गत राज्य मंत्री (खेल) की जिम्मेदारी सौंपी गई। 37 साल की रक्षा एकनाथ खडसे की बहू हैं। एकनाथ शरद पवार की अगुआई वाले एनसीपी के नेता हैं जिन्होंने दोबारा भाजपा के साथ जुड़ने का फैसला किया। रक्षा के पति निखिल खडसे का 2013 में निधन हो गया था। मंडाविया को 2021 के मध्य में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी जब देश कोविड-19 संकट से जूझ रहा था। उस समय उन्होंने डॉ हर्षवर्धन की जगह ली थी जिन्हें फेरबदल के तहत मंत्रिपरिषद से हटा दिया गया था।

 

Mansukh Mandaviya, New Sports Minister, Green MP, sports, india Sports Minister Mansukh Mandaviya, मनसुख मंडाविया, नए खेल मंत्री, ग्रीन एमपी, खेल, भारत खेल मंत्री मनसुख मंडाविया

 


मनसुख मंडाविया पशु चिकित्सक हैं। उन्होंने भावनगर विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की है। उन्होंने अहमदाबाद के गुजरात विकास एवं अनुसंधान संस्थान से पीएचडी की है। मनसुख मंडाविया ने अपने सियासी कॅरियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी। वह राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य बने। साल 2002 में मंडाविया गुजरात विधानसभा के सबसे युवा सदस्य निर्वाचित हुए। 

 


मंडाविया के मंत्रालय को तब ऑक्सीजन और दवाओं की आपूर्ति बढ़ाने और कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान टीकाकरण कार्यक्रम की देखरेख का काम सौंपा गया था। नई सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय जेपी नड्डा को दिया गया है। हाल ही में संपन्न चुनाव मंडाविया का पहला लोकसभा चुनाव था। उनका जन्म एक जून 1972 को भावनगर में हुआ था। गुजरात से राज्यसभा सदस्य के रूप में मनोनीत होने से पहले उन्होंने 2002 में भावनगर जिले की पालीताना विधानसभा सीट से विधायक के रूप में जीत हासिल की थी।