Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा विश्व कप 2026 में गत चैंपियन अर्जेंटीना सोमवार को ग्रुप J के अहम मुकाबले में ऑस्ट्रिया से भिड़ेगा। डलास स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में सभी की नजरें कप्तान लियोनेल मेसी पर होंगी, जो एक बार फिर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने के बेहद करीब हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे मेसी के पास विश्व कप इतिहास में नया अध्याय जोड़ने का सुनहरा मौका होगा।

अल्जीरिया के खिलाफ रचा था इतिहास

अर्जेंटीना ने अपने पहले मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया था। इस मैच में 38 वर्षीय मेसी ने अपने विश्व कप करियर की पहली हैट्रिक लगाई और अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां सीनियर मुकाबला भी खेला। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और साबित कर दिया कि उम्र उनके खेल पर कोई असर नहीं डाल रही।

कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने के करीब मेसी

मेसी लगातार पांच विश्व कप मुकाबलों में गोल कर चुके हैं। अगर वह ऑस्ट्रिया के खिलाफ भी गोल दागते हैं तो फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जाइरजिन्हो के लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।

इतना ही नहीं, मेसी के नाम फिलहाल विश्व कप में 16 गोल हैं और वह जर्मनी के महान खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोजे के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। ऑस्ट्रिया के खिलाफ एक और गोल उन्हें विश्व कप इतिहास का सबसे ज्यादा गोल करने वाला खिलाड़ी बना देगा। अगर यह गोल बॉक्स के बाहर से आता है तो वह विश्व कप में सबसे ज्यादा लॉन्ग-रेंज गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे।

पहले ही बना चुके हैं कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड

अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर मेसी विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा उम्र (38 वर्ष 357 दिन) में हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। इसके अलावा विश्व कप में उनके नाम अब 16 गोल और 8 असिस्ट यानी कुल 24 गोल योगदान दर्ज हैं।

मेसी पहले ही विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच (27), सबसे ज्यादा मिनट खेलने (2394), सबसे ज्यादा 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड (12), सबसे ज्यादा सफल ड्रिबल (125) और लगातार छह विश्व कप खेलने वाले पहले फुटबॉलर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

ऑस्ट्रिया भी आसान प्रतिद्वंद्वी नहीं

हालांकि अर्जेंटीना के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होगा। राल्फ रैंगनिक की कोचिंग वाली ऑस्ट्रिया टीम ने अपने पहले मैच में जॉर्डन को 3-1 से हराया था। टीम लगातार चार मुकाबले जीत चुकी है और पिछले 12 मैचों में उसे सिर्फ एक हार मिली है। ऐसे में अर्जेंटीना को जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।