Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई इंडियंस के कप्तान Hardik Pandya ने तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर Shardul Thakur को लेकर दिल छू लेने वाला बयान दिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत के बाद पांड्या ने कहा कि अब शार्दुल को फ्रेंचाइजी बदलना बंद कर देना चाहिए और बाकी आईपीएल करियर मुंबई इंडियंस के साथ ही खेलना चाहिए।

‘अब फ्रेंचाइजी बदलना बंद करो’

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पांड्या ने कहा, 'मैंने इस सीजन उससे कहा – अब बहुत हो गया फ्रेंचाइजी बदलना, मैं चाहता हूं कि तुम अपने बाकी करियर के लिए यहीं रहो। वह शानदार खिलाड़ी है, उसका दिल बहुत बड़ा है। जिस तरह वह बल्लेबाज को आउट करने के लिए दिमाग लगाता है, वह कमाल है और मैं उसके लिए बहुत खुश हूं।'

मैच में शार्दुल का शानदार प्रदर्शन

इस मैच में शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए और कोलकाता की टीम को 220 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। हाई स्कोरिंग मैच में उनकी गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

मुंबई इंडियंस ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने 13 साल से चला आ रहा ओपनिंग मैच हारने का सिलसिला भी खत्म कर दिया। पांड्या ने कहा कि यह जीत टीम के लिए बहुत खास है क्योंकि लंबे समय बाद टीम ने सीजन का पहला मैच जीता है।

रोहित और रिकेल्टन ने दिलाई मजबूत शुरुआत

221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए Rohit Sharma और रयान रिकेल्टन ने शानदार ओपनिंग साझेदारी की। रोहित ने 78 रन और रिकेल्टन ने 81 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बाद में पांड्या और तिलक वर्मा ने मैच खत्म कर दिया।

केकेआर की अच्छी बल्लेबाजी, लेकिन शार्दुल पड़े भारी

कोलकाता की ओर से Ajinkya Rahane और अंगकृष रघुवंशी ने अर्धशतक लगाए, लेकिन शार्दुल ठाकुर ने बीच-बीच में विकेट लेकर कोलकाता को बहुत बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। यही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।