Sports

अयोध्या : भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की आम सभा की रविवार को यहां होने वाली आपात बैठक रद्द कर दी गई है क्योंकि खेल मंत्रालय ने इस खेल संस्था और उसके अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए विभिन्न आरोपों को देखते हुए उसे सभी गतिविधियों को स्थगित करने का निर्देश दिया था। 

मंत्रालय ने शनिवार को कहा था कि उसने WFI को सभी वर्तमान गतिविधियां तुरंत प्रभाव से स्थगित करने का निर्देश दिया है। इनमें महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के गढ़ माने जाने वाले गोंडा में होने वाला रैंकिंग टूर्नामेंट भी शामिल है। शरण पर देश के कुछ नामी पहलवानों ने महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इन पहलवानों में विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और रवि दहिया भी शामिल हैं। 

मंत्रालय ने शनिवार को ही WFI के अध्यक्ष के खिलाफ यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोपों को देखते हुए संस्था के सहायक सचिव विनोद तोमर को निलंबित कर दिया था। मंत्रालय ने खेल निकाय के उचित कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए तोमर को निलंबित किया। शुक्रवार को शरण के पुत्र प्रतीक ने कहा था कि उनके पिता इस खेल संस्था की बैठक के बाद उनके खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर बयान जारी करेंगे। 

खेल मंत्रालय ने भले ही शरण को WFI के रोजमर्रा के कामकाज से दूर रहने के लिए कहा है लेकिन शनिवार को वह नंदिनी नगर में आयोजित एक कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित थे। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शरण और उनकी संस्था के खिलाफ चोटी के पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए शुक्रवार को निगरानी समिति गठित करने की घोषणा की थी। इस समिति के नामों की घोषणा अभी तक नहीं की गई है। 

मंत्रालय ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि उसने WFI के खिलाफ खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए विभिन्न आरोपों की जांच के लिए निगरानी समिति गठित करने के सरकार के फैसले से भारतीय कुश्ती महासंघ को अवगत करा दिया है। विज्ञप्ति में कहा गया था कि जब तक निगरानी समिति की औपचारिक नियुक्ति नहीं हो जाती और वह WFI के रोजमर्रा के कामों को नहीं संभालती तब तक WFI को तुरंत प्रभाव से अपनी सारी गतिविधियों को स्थगित करना होगा।