Sports

बर्लिन : केन्या के ओलम्पिक मैराथन चैंपियन इलियड किपचोगे ने मैराथन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। 33 वर्षीय किपचोगे ने बर्लिन मैराथन में दो घंटे एक मिनट और 39 सेकंड का समय लेकर नया रिकॉर्ड बनाया और वह उपलब्धि हासिल की जो उनके पास नहीं थी। आधुनिक युग के सबसे महान मैराथन धावक किपचोगे ने हमवतन डेनिस किमेतो के रिकॉर्ड में एक मिनट 14 सेकंड का सुधार कर दिया। किमेतो ने अपना रिकॉर्ड इसी कोर्स पर 2014 में बनाया था।  5000 मीटर के पूर्व विश्व चैंपियन और 2016 के रियो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले किपचोगे ने अपनी इस उपलब्धि के बाद कहा, Þमेरे पास इस जीत को बताने के लिए शब्द नहीं हैं और मुझे खुशी है कि मैंने विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 

हांगझोउ करेगा अगले पैरा एशियाई खेलों की मेजबानी

चीन का हांगझोउ शहर 2022 में अगले पैरा एशियाई खेलों की मेजबानी करेगा। यह पैरा-एशियाई खेलों का चौथा संस्करण होगा। एशियाई पैरालम्पिक समिति (एपीसी) ने पुष्टि कर दी है कि हांगझोउ अगले पैरा एशियाई खेलों का मेजबान शहर होगा। इंडोनेशिया के जकार्ता में तीसरे पैरा एशियाई खेलों के शुरू होने से 19 दिन पहले यह पुष्टि हो गई है। एपीसी के अध्यक्ष माजिद राशिद और अन्य अधिकारियों ने गत जुलाई में हांगझोउ का दौरा किया था और शहर के मेयर तथा अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी। एपीसी दल ने खेल स्थलों का भी दौरा किया था। हांगझोउ का एक आधिकारिक शिष्टमंडल जकार्ता में 2018 पैरा-एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेगा और अगले खेलों के लिए ध्वज ग्रहण करेगा। हांगझोउ ने 2011 में राष्ट्रीय पैरा खेलों की मेजबानी की थी जिसे चीन के लिए मिनी पैरालम्पिक्स कहा जाता है।