Sports

नई दिल्ली : मौजूदा यूएस ओपन ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में टेनिस मैच का आनंद लेने के एक दिन बाद भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के साथ गोल्फ खेलते देखा गया। दुबई स्थित उद्यमी हितेश सांघवी ने न्यू जर्सी में ट्रम्प नेशनल गोल्फ क्लब बेडमिंस्टर में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ गोल्फ खेल रहे धोनी की एक तस्वीर साझा की। संघवी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा- महेंद्र सिंह धोनी, डोनाल्ड ट्रंप और राजीव के साथ गोल्फ। हमारी मेजबानी करने के लिए धन्यवाद राष्ट्रपति महोदय।

 


बता दें कि बीते दिन ही धोनी को कार्लोस अलकराज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच यूएस ओपन पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल मैच में उपस्थिति में देखा गया था। इस साल की शुरुआत में, धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5वां आईपीएल खिताब दिलाया था। फाइनल मुकाबले में चेन्नई ने गुजरात टाइटंस को हराया था। इस दौरान धोनी बाएं घुटने में समस्या से ग्रस्त दिखे थे।

 

आईपीएल के बाद धोनी ने अपने घुटने की सर्जरी करवाई जोकि मुंबई के एक अस्पताल में दिनशॉ पारदीवाला ने की। धोनी के फैंस को उम्मीद है कि उनका चेहता क्रिकेटर आईपीएल 2024 में एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स  का प्रतिनिधत्व करने उतरेगा। 2023 के आईपीएल फाइनल के बाद धोनी ने कहा था कि वह प्रशंसकों के लिए कम से कम एक और सीज़न के लिए वापसी करेंगे, अगर उनका शरीर अनुमति देगा।