Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज Manish Pandey ने शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस मैच जिताऊ बल्लेबाजी से KKR के सहायक कोच Shane Watson काफी प्रभावित नजर आए।

मुश्किल पिच पर मनीष पांडे ने खेली जिम्मेदार पारी

148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मनीष पांडे नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे और 33 गेंदों में 45 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके निकले। बल्लेबाजों के लिए मुश्किल मानी जा रही पिच पर पांडे ने संयम और समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। उनकी पारी की बदौलत KKR ने 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई।

शेन वॉटसन ने की जमकर तारीफ

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेन वॉटसन ने मनीष पांडे की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मनीष पांडे का हमारे साथ होना बेहद खास है। पूरे सीजन में उन्हें करीब से देखने के बाद मैं कह सकता हूं कि पिछले कई सालों में मैंने उन्हें इतनी शानदार बल्लेबाजी करते नहीं देखा।'

वॉटसन ने आगे कहा कि पांडे इस समय बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं और उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास साफ दिखाई देता है। 'वह जिस तरह बल्लेबाजी कर रहे हैं, जिस तरह की तैयारी उन्होंने की है और प्रैक्टिस मैचों में खुद को तैयार किया है, वह शानदार है। आज नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर उन्होंने दिखाया कि वह कितने बेहतरीन फॉर्म में हैं।'

फील्डिंग और फिटनेस पर भी बोले वॉटसन

शेन वॉटसन ने मनीष पांडे की फिटनेस और फील्डिंग की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि 36 साल की उम्र में भी पांडे मैदान पर जिस तेजी से मूव करते हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है।

'मुझे नहीं पता वह यह कैसे कर रहे हैं। उनकी उम्र में मैं इतनी तेजी से मैदान पर नहीं दौड़ पाता था। वह अब भी हमारी टीम के सबसे फिट खिलाड़ियों में शामिल हैं।' वॉटसन ने RCB के खिलाफ टिम डेविड का शानदार कैच और मुंबई इंडियंस के खिलाफ रायन रिकेल्टन का मुश्किल कैच पकड़ने का भी जिक्र किया।

प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 147/8 का स्कोर बनाया। कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन की तेज पारी खेली। KKR की ओर से सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी और कैमरून ग्रीन ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल ने शानदार बल्लेबाजी की। पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन बनाए। इस जीत के साथ KKR ने प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं।

NO Such Result Found