Sports

लखनऊ: भारत की मेजबानी में आगामी 13 से 29 जनवरी 2023 तक आयोजित '15वें पुरुष हॉकी विश्व कप' की ट्रॉफी खेल प्रेमियों के अवलोकनार्थ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश पहुंचने पर ट्रॉफी का अनावरण किया। यहां जारी बयान के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने यहां पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर हॉकी पुरुष वर कप-2023 की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने तोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्ति के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा।

उपाध्याय के खेल योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा‘‘राज्य सरकार राज्य में खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं के लिए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।'' मुख्यमंत्री ने हॉकी विश्व कप ट्रॉफी के उप्र पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि ओडिशा में हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह 'हॉकी महाकुंभ' दुनिया के लिए भारत की 'अतिथि देवो भव' की भावना से परिचित होने का अवसर भी होगा। योगी ने विश्व कप के सफल आयोजन के लिए हॉकी इंडिया को शुभकामनाएं भी दीं। 

मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘भारत में एक नई खेल संस्कृति विकसित हो रही है और भारतीय खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में नया इतिहास रच रहे हैं। हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है और वैश्विक मंच पर भारत का हॉकी में गौरवशाली अतीत रहा है। हमने ओलंपिक में आठ स्वर्ण पदक जीते हैं।'' इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, खेल निदेशक आरपी सिंह, सूचना निदेशक शिशिर सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।