Sports

कोलंबो (श्रीलंका) : एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल के शतकों तथा दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 232 रन की साझेदारी से श्रीलंका शनिवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में 212 रन की बढ़त हासिल कर मजबूत स्थिति में पहुंच गया। श्रीलंका ने दूसरे दिन स्टंप तक 6 विकेट गंवाकर 410 रन बनाए।

 


मैथ्यूज ने 141 रन की पारी खेली। करीब 6 घंटे तक क्रीज पर डटे इस खिलाड़ी ने 259 गेंद खेलकर 3 छक्के और 14 चौके जड़े। यह उनका 16वां टेस्ट शतक है। चांदीमल ने 181 गेंद में 107 रन की पारी खेली और अपना 15वां टेस्ट शतक जड़ा। उन्होंने एक छक्का और 10 चौके जमाए। इन दोनों ने तब 380 गेंद में 232 रन की साझेदारी निभाई जब श्रीलंका ने 148 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।


श्रीलंका ने सुबह बिना विकेट गंवाए 80 रन से आगे खेलना शुरू किया। दिमुथ करूणारत्ने ने 42 रन को 77 रन में तब्दील किया जबकि निशान मदुश्का रात के स्कोर में एक रन जोड़कर 37 रन पर आउट हुए। अफगानिस्तान की पहली पारी 198 रन पर सिमट गई थी।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
अफगानिस्तान :
इब्राहिम जादरान, नूर अली जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), नासिर जमाल, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), जिया-उर-रहमान, कैस अहमद, निजात मसूद, मोहम्मद सलीम सफी, नवीद जादरान
श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने, निशान मदुष्का, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चंडीमल, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सदीरा समरविक्रमा (डब्ल्यू), चमिका गुणसेकरा, प्रभात जयसूर्या, विश्व फर्नांडो, असिथा फर्नांडो