Sports

चटगांव : नजमुल शान्तो की नाबाद 122 रनों की शतकीय पारी और मुशफिकुर रहीम की नाबाद 73 रनों की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत बंगलादेश ने 3 एकदिवसीय मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में आज श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ बंगलादेश ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली हैं। 256 रनों का पीछा करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 23 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।

 


लिटन कुमार दास शून्य, सौम्य सरकार 3 रन, मो. तौहीद हृदोय 3 रन और उसके बाद चौथे विकेट रूप में महमुदउल्लाह 37 रन बनाकर आउट हुए। नजमुल शांतो और मुशफिकुर रहीम ने पारी को संभाला और 5वें विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी की। शांतो ने 129 गेंदों में 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 122 रन की पारी खेली। वहीं, मुशफिकुर रहीम ने 84 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 73 रन बनाए। बंगलादेश ने 44.4 ओवर में 4 विकेट पर 257 रन बनाकर 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

 


श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका को 2 विकेट मिले। प्रमोद मदुशन और लाहिरू कुमारा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका और अविष्का फर्नान्डो ने मिलकर पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े। इस बीच फर्नान्डो 33 रन बनाकर आउट हो गए। निसंका भी 36 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। समरविक्रमा 3 रन और चरित असलंका 18 रन बनाकर आउट हुए।

 


कुसल मेंडिस और लियानगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारियां खेली। कुसल मेंडिस ने 75 गेंदों में 59 रन बनाए। अपनी इस पारी के साथ ही उन्होंने एशियाई सरजमीं पर अपने 2,500 रन भी पूरे किए। लियानगे ने 69 गेंदों 67 रनों की पारी खेली। यह उनके एकदिवसीय करियर का तीसरा अर्धशतक है। श्रीलंका की पूरी टीम 48.5 ओवर में 255 रन पर सिमट गई। बंगलादेश की ओर से शोरिफुल इस्लाम, तस्कीन अहमद और तंजीम हसन ने 3-3 विकेट लिए। मेहदी हसन मिराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।