Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपने फैंस और टीम की चिंता बढ़ा दी है। इंटर मियामी और फिलाडेल्फिया यूनियन के बीच खेले गए MLS मुकाबले के दौरान मेसी मैच के बीच में ही मैदान छोड़कर बाहर चले गए। इंटर मियामी ने यह मुकाबला 6-4 से जीत लिया, लेकिन मेसी की फिटनेस अब चर्चा का विषय बन गई है।

जांघ पकड़कर मैदान से बाहर गए मेसी

यह मुकाबला नू स्टेडियम में खेला गया, जहां मेसी 73वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए। ESPN की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्री-किक लेने के बाद मेसी अपनी बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से को पकड़ते नजर आए। इसके बाद उन्होंने खुद ही सब्स्टीट्यूशन का इशारा किया और उनकी जगह माटेओ सिल्वेट्टी को मैदान पर भेजा गया। हालांकि मेसी बिना किसी सहारे के खुद चलते हुए सीधे ड्रेसिंग रूम पहुंचे।

इंटर मियामी कोच ने दिया अपडेट

मैच के बाद इंटर मियामी के कोच गिलर्मो होयोस ने मेसी की चोट को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट सामने नहीं आई है, लेकिन यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया। होयोस ने कहा, 'जहां तक मुझे जानकारी है, अभी कोई मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। वह काफी थके हुए थे। मैदान भी भारी था, इसलिए हमने कोई जोखिम नहीं लेने का फैसला किया।'

वर्ल्ड कप से पहले अर्जेंटीना की बढ़ी चिंता

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में संयुक्त रूप से होगा। अर्जेंटीना इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा। ऐसे में मेसी की फिटनेस टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। अर्जेंटीना ने इसी महीने अपने शुरुआती 55 सदस्यीय संभावित स्क्वॉड का ऐलान किया था, जिसमें मेसी को शामिल किया गया है।

अर्जेंटीना टीम में कई स्टार खिलाड़ियों को जगह

अर्जेंटीना की शुरुआती टीम में एमिलियानो मार्टिनेज, लिसांड्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, रोड्रिगो डी पॉल, एंजो फर्नांडीज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, लाउतारो मार्टिनेज और जूलियन अल्वारेज जैसे स्टार खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। टीम एक बार फिर मेसी की अगुवाई में वर्ल्ड कप खिताब बचाने की तैयारी कर रही है।