जालन्धर: टेनिस में ग्लैमर को नए मायने देने वाली रूस की पूर्व खिलाड़ी अन्ना कुर्निकोवा और उनके स्पेनी पॉप स्टार बॉयफ्रैंड एनरिक इग्लेसियस निजता को सबसे ज्यादा तरजीह देते हैं। 2001 में एनरिक से रिश्ते के बाद पत्रिकाओं और अखबारों में अपनी शोख अदाओं के कारण छाई रहने वाली कुर्निकोवा अचानक गायब-सी हो गईं। यहां तक कि उन्होंने मां बनने की खबरें भी छिपाए रखी थी।
पिछले साल दिसंबर में उन्होंने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। काफी दिन बाद जब कुर्निकोवा ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा की, तब दुनिया को इस बारे में पता चला। लोगों ने कयास लगाए कि ये बच्चे सरोगेसी से हुए हैं। इसे खारिज करने के लिए अन्ना ने 37 सप्ताह के गर्भ के साथ एकमात्र फोटो इंस्टाग्राम पर डाला था। आखिरकार इस शनिवार को 43 साल के एनरिक और अन्ना ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर बच्चों के साथ पहली बार वीडियो पोस्ट किए। आलीशान नाव पर लिए एक वीडियो में एनरिक बेटी लूसी के साथ मस्ती करते दिखते हैं। दूसरे में दोनों बच्चे नाचते-खिलखिलाते नजर आते हैं। तीसरे में अन्ना बेटे निकोलस के साथ डांस के अंदाज में हैं।
मास्को में जन्मी कुर्निकोवा टेनिस एकल में खास सफल नहीं रहीं। उन्होंने दो डबल्स ग्रैंड स्लैम जरूर जीते। 15 साल की उम्र से ही उनके दीवाने लाखों में थे। हर बड़ी मैगजीन के कवरपेज पर उनका जलवा रहा। एनरिक से पहले उनकी आइस हॉकी खिलाड़ी पावेल ब्यूरे के साथ मंगनी सुर्खियां बन थी। फिर आइस हॉकी स्टार सर्गेई फेडोरोव के साथ 2001 में उनकी शादी के किस्से छपे। कुर्निकोवा 2001 में एनरिक के मशहूर गीत ‘इस्केप’ में दिखाई दी थी। इसके बाद से ही दोनों के रोमांस के चर्चे होने लगे थे।