रांची: नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कप 2026 में शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में इतिहास रच दिया गया। रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर ने कुछ ही मिनटों के अंतराल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय एथलेटिक्स में नया अध्याय जोड़ दिया।
सबसे पहले 25 वर्षीय गुरिंदरवीर सिंह ने पहले सेमीफाइनल में 10.17 सेकेंड का समय निकालकर अनिमेष कुजूर का पुराना 10.18 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि, इसके कुछ ही मिनट बाद 22 वर्षीय अनिमेष कुजूर ने अगले सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकेंड का समय निकालते हुए अपना रिकॉर्ड फिर से अपने नाम कर लिया।
कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई करने वाले पहले भारतीय बने
अनिमेष कुजूर ने सिर्फ राष्ट्रीय रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए निर्धारित 10.16 सेकेंड के क्वालिफिकेशन मार्क को भी पार कर लिया। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स चयन के लिए अहम है फेडरेशन कप
फेडरेशन कप 2026 भारत की सबसे बड़ी घरेलू एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में से एक है। यह प्रतियोगिता 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए चयन ट्रायल के रूप में आयोजित की जा रही है।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने सभी इवेंट्स के लिए कड़े क्वालिफिकेशन मानक तय किए हैं। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में चयन के लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ना लगभग अनिवार्य माना जा रहा था।
एंसी सोजन ने जीता महिला लॉन्ग जंप गोल्ड
महिला लॉन्ग जंप में एशियन गेम्स की रजत पदक विजेता एंसी सोजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.75 मीटर की छलांग लगाई और पहला स्थान हासिल किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। शैली सिंह 6.58 मीटर के साथ दूसरे और भवानी यादव 6.39 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
डिस्कस थ्रो में सीमा ने मारी बाजी
महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में सीमा ने 57.29 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए तय 56.85 मीटर के क्वालिफिकेशन मार्क को भी पार कर लिया। निधि रानी ने 55.05 मीटर के साथ दूसरा और कृष्णा जयशंकर ने 55.00 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।