Sports

गैलोवे (अमेरिका) : भारत की अदिति अशोक एलपीजीए क्लासिक गोल्फ टूर्नामेंट में अपेक्षित शुरुआत नहीं कर पाई तथा पहले दौर में दो अंडर 69 का स्कोर बनाने के बाद वह संयुक्त 51वें स्थान पर हैं। अदिति का इस सत्र में प्रदर्शन औसत रहा है। उन्होंने पहले 10 होल में चार बर्डी बनाईं, लेकिन उसके बाद दो शॉट गंवा दिए।

थाईलैंड की अर्पिचया युबोल ने 10 अंडर 61 का कार्ड खेलकर एकल बढ़त हासिल की। उनके पास एक समय 59 का भी कार्ड खेलने का मौका था। दक्षिण कोरिया की जेनी शिन और नारिन एन क्रमशः 63 और 64 का कार्ड खेल कर दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। 7 खिलाड़ियों ने 6 अंडर 65 का कार्ड खेला और वे संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। 


लाहिड़ी 69 के कार्ड के साथ लिव गोल्फ ह्यूस्टन में संयुक्त 15वें पायदान पर 
भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी लिव गोल्फ ह्यूस्टन के पहले दौर में तीन अंडर 69 का कार्ड खेल कर ब्रायसन डेचैम्ब्यू और जॉन रहम जैसे दिग्गजों के साथ संयुक्त 15वें स्थान पर हैं। लाहिड़ी अपने शुरूआती छह होल में पार स्कोर बनाने के बाद अगले 7 होल में 5 बर्डी लगाने में सफल रहे। उन्होंने छह बर्डी के मुकाबले तीन बोगी किए। 20 साल के कालेब सुराट बोगी रहित सात-अंडर 65 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं।