नई दिल्ली : अगर आप मारुति सुजुकी की कोई कार खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो थोड़े दिन और इंतजार कर लें क्योंकि कंपनी बलेनो का फेसलिफ्ट लेकर आने वाली है। मारुति सुजुकी के कंफर्म किया है कि बलेनो फेसलिफ्ट भारत में 5 सितंबर 2026 को लॉन्च होगी। यह अपडेटेड प्रीमियम हैचबैक बड़े मैकेनिकल बदलाव के बजाय स्टाइलिंग, इक्विपमेंट और नए केबिन में नजर आएगी। मौजूदा बलेनो इस मॉडल की दूसरी जेनरेशन का हिस्सा है, जिसे 2022 में लॉन्च किया गया था। लॉन्च होने के बाद फेसलिफ्ट भारत के प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में टाटा अल्ट्रोज, हुंडई i20 और टोयोटा ग्लैंजा को टक्कर देती रहेगी।
डिजाइन
टेस्ट कारों से पता चला है कि स्टाइलिंग में सबसे बड़े बदलाव सामने की तरफ होंगे। बलेनो फेसलिफ्ट में नई डिजाइन वाली ग्रिल मिल सकती है जिसमें हेडलैंप को जोड़ने वाली हॉरिजॉन्टल क्रोम बार होगी। मौजूदा बूमरैंग-शेप वाली LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स वैसी ही रह सकती हैं, जबकि हेडलैंप का डिजाइन भी करीब वैसा ही रहने की उम्मीद है। फ्रंट बंपर को बदला गया है और मौजूदा मॉडल में लगे फॉग लैंप अब तक देखी गई टेस्ट गाड़ियों में नहीं दिखे हैं।
साइड प्रोफाइल पहले जैसा ही होने की उम्मीद है। अपडेटेड बलेनो में नए अलॉय व्हील डिजाइन देखने को मिल सकते हैं, जबकि पुल-स्टाइल डोर हैंडल और शोल्डरलाइन जैसी दूसरी डिटेल्स के साथ इसका ओवरऑल शेप वैसा ही रहेगा। पीछे की तरफ हैचबैक में नया बंपर मिल सकता है, लेकिन रैपअराउंड LED टेल-लैंप्स में खास बदलाव देखने को नहीं मिलने वाला। रूफ-माउंटेड स्पॉइलर और रियर वाइपर भी वैसे ही रहेंगे।
इंटीरियर
फेसलिफ्टेड बलेनो के केबिन में मौजूदा डैशबोर्ड लेआउट में छोटे मोटे बदलाव हो सकते हैं जिसमें बड़ा म्यूजिक सिस्टम हो सकता है जैसा कि ब्रेजा और विक्टोरियस में देखा गया है। मारुति सुजुकी नई अपहोल्स्ट्री, नए ट्रिम फिनिश और अतिरिक्त सुविधा वाले फीचर्स दे सकती है। सनरूफ और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं। ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, छह-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल आउटसाइड रियर-व्यू मिरर और ऑटो-डिमिंग इनसाइड रियर-व्यू मिरर जैसे मौजूदा फीचर्स जारी रहने की उम्मीद है।
पावरट्रेन
उम्मीद है कि बलेनो फेसलिफ़्ट में मौजूदा 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही दिया जाएगा, जो 90 hp की पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे या तो 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स या 5-स्पीड AMT के साथ जोड़ा जाएगा। इसका CNG वर्जन भी जारी रहने की उम्मीद है, जो 77.5 hp की पावर और 98.5 Nm का टॉर्क देगा और सिर्फ 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आता है।
संभावित कीमत
मौजूदा मारुति सुज़ुकी बलेनो की कीमत 5.99 लाख रुपए से 9.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। अपडेटेड स्टाइलिंग और नए फीचर्स की वजह से फेसलिफ्ट मॉडल की कीमतों में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है लेकिन यह इतना भी नहीं होगा कि लोगों को यह अधिक लगे।