Other Games

नई दिल्ली : पहली बार आयोजित किए गए खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में पंजाब की टीम 10 गोल्ड सहित कुल 35 मैडल लेकर तालिका में 7वें पायदान पर रहा। पंजाब को 10 स्वर्ण, पांच रजत और 20 कांस्य सहित कुल 35 पदक मिले और वह तालिका में 7वें नंबर पर रहा। राजधानी में पहली बार आयोजित किए गए इन स्कूल गेम्स में 29 राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था।

शिक्षा मंत्री अरूणा चौधरी ने बढ़ाया उत्साह
पंजाब की शिक्षा मंत्री अरूणा चौधरी ने खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाडिय़ों और उनके कोचों को राज्य के प्रदर्शन पर उत्साहित किया। उन्होंने कहा- राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है और खेलों के आधारभूत ढांचे को भी बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

निशानेबाजी और कुश्ती में भी जीते स्वर्ण
पंजाब ने लड़कों की बास्केटबॉल टीम स्पर्धा, एथलेटिक्स में लड़कियों की 200 मीटर स्पर्धा में चानवीर कौर, मुक्केबाजी में कोमल और एकता ने स्वर्ण पदक जीते जबकि जूडो, निशानेबाजी और कुश्ती में भी उसके खिलाडिय़ों ने स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा पंजाब के लड़कों की हॉकी टीम और लड़कियों की हॉकी टीम ने रजत और कांस्य पदक जीते। साथ ही पंजाब की एकता सरोज को सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का पुरस्कार मिला जबकि जूडो में पंजाब ओवरऑल चैंपियन रहा है।