Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी कर अपनी अलग पहचान बना ली। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेलकर SRH के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और टीम को 47 रन की बड़ी जीत दिलाई। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने क्वालिफायर-2 में जगह बना ली, जहां उसका सामना गुजरात टाइटंस से होगा।

पैट कमिंस की ‘प्लान B और C’ रणनीति पर दिया जवाब

एलिमिनेटर मुकाबले से पहले SRH कप्तान पैट कमिंस ने कहा था कि उनकी टीम ने वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए ‘प्लान B और C’ तैयार किए हैं। हालांकि मैच में युवा बल्लेबाज ने सभी योजनाओं को नाकाम कर दिया और शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि वह विपक्षी टीम की रणनीति के बारे में ज्यादा नहीं सोचते और अपना फोकस सिर्फ अपने खेल पर रखते हैं।

वैभव ने कहा, 'अगर मुझे लगता है कि किसी क्षेत्र में परेशानी हो रही है तो मैं उस पर काम करता हूं। विपक्ष क्या प्लान बना रहा है, मैं उसके बारे में नहीं सोचता। मेरा फोकस सिर्फ अपनी योजना पर रहता है और मैं सामान्य क्रिकेट खेलने की कोशिश करता हूं।'

शतक से चूके, लेकिन ट्रॉफी जीतना है लक्ष्य

वैभव सूर्यवंशी अपनी पारी के दौरान IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने के बेहद करीब पहुंच गए थे। अगर वह अगली गेंद पर छक्का लगा देते तो क्रिस गेल का 30 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड टूट जाता। हालांकि 97 रन पर आउट होने के बाद युवा बल्लेबाज काफी निराश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने कहा कि उनका ध्यान व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम को ट्रॉफी जिताने पर है।

उन्होंने कहा, 'मुझे रिकॉर्ड के बारे में आउट होने के बाद पता चला। उस समय मेरा पूरा ध्यान टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा योगदान देने पर था। शतक तो आगे भी आते रहेंगे, लेकिन फिलहाल हमारा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है।'

क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 97 रन की पारी में 12 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वैभव के नाम अब इस सीजन में 65 छक्के हो चुके हैं।

IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के

65 — वैभव सूर्यवंशी (2026)
59 — क्रिस गेल (2012)
52 — आंद्रे रसेल (2019)
51 — क्रिस गेल (2013)
45 — जोस बटलर (2022)

ऑरेंज कैप भी की अपने नाम

इस शानदार पारी के दम पर वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन को पीछे छोड़ते हुए ऑरेंज कैप भी हासिल कर ली। उन्होंने 15 पारियों में 680 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 45.33 और स्ट्राइक रेट 242.85 का रहा है। मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक निकल चुके हैं।

NO Such Result Found