Sports

नई दिल्ली : युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने नए घरेलू सीजन से पहले जिम्बाब्वे के सफल दौरे के बाद नेट्स में जमकर पसीना बहाया। सूर्यवंशी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर प्रैक्टिस करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। गेंदबाजों पर हावी रहने वाले सूर्यवंशी प्रैक्टिस के दौरान डिफेंसिव और अटैकिंग दोनों तरह के अप्रोच पर ध्यान दिया जोकि बड़े बदलाव की तरह है। सूर्यवंशी की पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, 'तैयारी'। 

 

सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे के दौरान 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था, लेकिन वहां खेली गई तीन पारियों में वे 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए थे। भारत यह सीरीज 1-4 से हार गया था। उनका जिम्बाब्वे दौरा काफी बेहतर रहा जिसमें उन्होंने तीन पारियों में 151 रन बनाकर रन-चार्ट में टॉप किया। इसमें 50.33 की औसत और 196.10 की स्ट्राइक रेट से दो फिफ्टी (जिसमें 81 रन की पारी भी शामिल थी) लगाईं। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड मिला, क्योंकि भारत ने आयरलैंड और इंग्लैंड से हारने के बाद नए T20I कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अपनी पहली सीरीज जीती। 

सूर्यवंशी ने 6 T20I मैचों में 32.16 की औसत और 189.21 की स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए हैं, जिसमें दो फिफ्टी शामिल हैं। मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I के दौरान सूर्यवंशी ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया। वे भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बन गए और उन्होंने सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड (टेस्ट डेब्यू 16 साल 205 दिन; ODI 16 साल 238 दिन) तोड़ दिया। 

दलीप ट्रॉफी की बात करें तो ईस्ट जोन के सेलेक्टर्स ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को 2026-27 घरेलू सीजन के लिएकप्तानी सौंपी है, जबकि युवा बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यवंशी का चुना जाना उनके तेजी से आगे बढ़ने का एक और अहम पड़ाव है। क्रिकइन्फो के अनुसार यह युवा खिलाड़ी अब लंबे फॉर्मेट में खेलने के लिए तैयार है और उम्मीद है कि वह बंगाल के अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पारी की शुरुआत करेगा। दिलीप ट्रॉफी की शुरुआत 23 अगस्त को ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच होने वाले मुकाबले से होगी। 

ईस्ट जोन की टीम : 

ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप घरामी, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, शाहबाज़ अहमद, सूरज जायसवाल, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, सुभ्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और डेनिश दास।