मार्खम (कनाडा) : अमेरिकी ओपन में उप विजेता रहने के बाद किदांबी श्रीकांत मंगलवार से यहां शुरू हो रहे कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे जिसमें वह अपनी शानदार फॉर्म जारी रखने की कोशिश करेंगे। श्रीकांत (33 वर्ष) बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्हें अमेरिकी ओपन सुपर 300 के फाइनल में चीनी ताइपे के सु ली यांग से हार का सामना करना पड़ा था।
श्रीकांत इस टूर्नामेंट में भी अपनी लय बनाए रखने की कोशिश करेंगे जिसमें वह अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ली जी जिया के खिलाफ करेंगे। 2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता भारतीय खिलाड़ी ने पिछले हफ्ते अमेरिकी ओपन के शुरुआती दौर में ली को सीधे गेम में हराया था। ली दाहिने टखने की चोट और उसके बाद पीठ की समस्याओं से उबरने के बाद अब भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हैं। पुरुष वर्ग में अन्य भारतीयों में तरुण मन्नेपल्ली शुरुआती दौर में एक क्वालीफायर का सामना करेंगे।
मन्नेपल्ली को आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। 'सेंट डेनिस रीयूनियन ओपन' के रजत पदक विजेता सनीथ दयानंद का मुकाबला जापान के तीसरे वरीय युदाई ओकिमोतो से होगा जिन्होंने अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में श्रीकांत को कड़ी टक्कर दी थी। पूर्व विश्व जूनियर चैंपियनशिप रजत पदक विजेता एस शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम दक्षिण कोरिया के यू ताए बिन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
महिला एकल में पांचवीं वरीय देविका सिहाग शुरुआती दौर में चीनी ताइपे की तुंग सिउ-तोंग का सामना करेंगी। वह पिछले हफ्ते अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंची थीं। अनमोल खरब को शुरुआती दौर में कनाडा की शीर्ष वरीयता प्राप्त मिशेल ली के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। श्रीयांशी वालीशेट्टी चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पी से भिड़ेंगी।
मई में 'सेंट डेनिस रीयूनियन ओपन' में उप विजेता रहीं आकर्षी कश्यप स्पेन की क्लारा अज़ुरमेंडी से मुकाबला करेंग जबकि इस साल वियतनाम इंटरनेशनल चैलेंज जीतने वाली रक्षिता श्री संतोष रामराज का सामना कनाडा की रेचल चैन से होगा। तान्या हेमंत अपने अभियान की शुरुआत एक क्वालीफायर के खिलाफ करेंगी। पुरुष युगल में अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और पोचाना अर्जुन को कनाडा के केविन ली और टाई अलेक्जेंडर लिंडेमैन की पांचवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ शुरुआती दौर का मुश्किल ड्रॉ मिला है।