Sports

हरारे : सहान अराच्चिगे (57) के जुझारू अर्द्धशतक और महीष तीक्षणा (31/4) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने एकदिवसीय विश्व कप क्वालीफायर (ODI World Cup qualifier) के फाइनल में रविवार को नीदरलैंड को 128 रन से रौंदकर खिताब अपने नाम किया। सहान के अर्द्धशतक की सहायता से श्रीलंका ने नीदरलैंड के सामने 234 रन का लक्ष्य रखा। नीदरलैंड इसके जवाब में 105 रन पर ऑलआउट हो गई।

युवा ऑफ-स्पिनर तीक्षणा ने 6.3 ओवर में 31 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट लिए। दिलशन मदुशंका ने सात ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि वानिंदू हसरंगा ने सात ओवर में 35 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं। 

 

नीदरलैंड ने खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और श्रीलंका की धीमी शुरुआत के बाद उसके दोनों सलामी बल्लेबाजों को 44 रन पर पवेलियन लौटा दिया। पथुम निसंका ने 33 गेंद पर तीन चौकों की सहायता से 23 रन बनाए जबकि सदीरा समरविक्रमा ने 23 गेंद पर 19 रन का योगदान दिया।

 

शुरुआती झटकों के बाद कुसल मेंडिस और सहान ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। मेंडिस ने 52 गेंद पर 5 चौकों और 1 छक्के की सहायता से 43 रन बनाए और उनका विकेट गिरने के बाद सहान ने चरित असलंका (36 गेंद, 36 रन) के साथ भी 5वें विकेट के लिए 64 रन जोड़े।

 

सहान ने श्रीलंका के लिए 71 गेंद पर चार चौके लगाकर सर्वाधिक 57 रन बनाए। इसके अलावा हसरंगा (21 गेंद, 29 रन) और मतीशा पथिराना (30 गेंद, 13 रन) ने श्रीलंका को ऑलआउट होने से पहले 47.5 ओवर में 233 रन तक पहुंचाया। यह स्कोर नीदरलैंड के लिए बहुत बड़ा साबित हुआ। 

 

डच टीम के लिए सलामी बल्लेबाज मैक्स ओडाउड ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, हालांकि इसके लिए उन्होंने 63 गेंदें भी खेलीं। लोगन वान बीक ने 20 रन का योगदान दिया जबकि 8 डच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

विश्व कप क्वालीफायर की शीर्ष दो टीमें होने के नाते श्रीलंका और नीदरलैंड अक्टूबर-नवंबर में एकदिवसीय विश्व कप 2023 में हिस्सा लेंगी।