स्पोर्ट्स डेस्क : राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी कर सभी को हैरान कर दिया। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने SRH को 47 रन से हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली।
इस धमाकेदार पारी के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रैंकलिन भी वैभव की बल्लेबाजी के मुरीद हो गए। उन्होंने युवा बल्लेबाज की प्रतिभा को ‘डराने वाला’ बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में वह और भी खतरनाक बल्लेबाज बन सकते हैं।
‘ऐसी प्रतिभा पहले कभी नहीं देखी’
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेम्स फ्रैंकलिन ने कहा कि उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में वैभव सूर्यवंशी जैसा प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं देखा। फ्रैंकलिन ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि किसी ने इस तरह की प्रतिभा पहले देखी होगी। वह इस समय जो कर रहा है, वह अविश्वसनीय है। यह सोचना भी डराने वाला है कि उसके पास अभी लगभग 25 साल का करियर बाकी है। वह आगे और बेहतर होगा, और मजबूत बनेगा। बल्लेबाजी में उसकी समझ भी और परिपक्व होगी। फिलहाल वह विरोधी टीमों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।'
SRH की रणनीति भी नहीं आई काम
एलिमिनेटर मुकाबले से पहले SRH कप्तान पैट कमिंस ने कहा था कि उनकी टीम ने वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए खास योजना बनाई है। हालांकि मैच में युवा बल्लेबाज ने सभी रणनीतियों को नाकाम कर दिया। जेम्स फ्रैंकलिन ने माना कि वैभव जैसे बल्लेबाज के खिलाफ गेंदबाजों के लिए गलती की गुंजाइश बेहद कम होती है। उन्होंने बताया कि SRH ने शुरुआत में फुल लेंथ गेंदबाजी कर उन्हें रोकने की कोशिश की थी।
फ्रैंकलिन ने कहा, 'उसके खिलाफ गेंदबाजी करने के लिए बहुत छोटा मार्जिन था। विकेट भी बल्लेबाजी के लिए शानदार था, जिससे गेंदबाजों के लिए सही लाइन-लेंथ पर गेंद डालना और मुश्किल हो गया। पावरप्ले के शुरुआती ओवरों में हमने काफी फुल गेंदें डालीं और लेग स्टंप के अंदर गेंदबाजी करने की कोशिश की ताकि उसके शॉट्स को रोका जा सके।'
वैभव ने तुरंत बदल दी अपनी रणनीति
SRH कोच ने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने जल्दी ही गेंदबाजों की रणनीति समझ ली और उसी के अनुसार अपने शॉट्स खेलने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा, 'उसने बहुत जल्दी हमारी योजना समझ ली, यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। वह इतना प्रतिभाशाली है कि तुरंत अपने खेल में बदलाव कर लेता है और फिर गेंदबाजों को दूसरी जगह गेंद डालने पर मजबूर कर देता है। लेकिन वही क्षेत्र उसकी ताकत बन जाते हैं। यह एक और शानदार पारी थी।'
पैट कमिंस ने भी मानी हार
मैच के बाद SRH कप्तान पैट कमिंस ने भी स्वीकार किया कि वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ गेंदबाजों के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचते। कमिंस ने कहा, 'उसने शानदार बल्लेबाजी की। सच कहूं तो उसके खिलाफ ज्यादा विकल्प नहीं होते। विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था और गलती की गुंजाइश बहुत कम थी। अगर आपकी यॉर्कर थोड़ी भी चूक जाए तो वह मौका नहीं छोड़ता।'
अब गुजरात टाइटंस के खिलाफ होगी अग्निपरीक्षा
राजस्थान रॉयल्स अब 29 मई को क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी। वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर मुल्लांपुर के मैदान पर उतरेंगे और फैंस को उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी।