स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस हार के साथ ही भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी कप्तान अपने करियर में नहीं देखना चाहेगा।
श्रेयस अय्यर भारत के पहले ऐसे टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान बन गए हैं, जिन्हें कप्तानी के शुरुआती चार मैचों में एक भी जीत नसीब नहीं हुई। आयरलैंड के खिलाफ दो हार, इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच बारिश से रद्द और दूसरा मुकाबला हारने के बाद उनके खाते में अब तक जीत नहीं आई है।
रिकॉर्ड जिसने बढ़ाई मुश्किलें
भारतीय टी20 कप्तानों में श्रेयस अय्यर पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती चार टी20 मुकाबलों में जीत हासिल नहीं की। इससे पहले एमएस धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत और शुभमन गिल जैसे कप्तानों ने अपने शुरुआती मैचों में जीत दर्ज की थी।
भारत की बल्लेबाजी रही फीकी
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा ने 43 रन और ईशान किशन ने 49 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 37 रन ही जोड़ सके। अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने 11 गेंदों में नाबाद 24 रन की तेज पारी खेलकर भारत को 20 ओवर में 190/7 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से सैम करन सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके।
जैकब बेथेल ने छीनी भारत से जीत
191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और अर्शदीप सिंह ने फिल साल्ट और जोस बटलर को जल्दी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने 15 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली। मैच का रुख जैकब बेथेल ने बदल दिया। उन्होंने 46 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाकर टॉम बैंटन (39) के साथ अहम साझेदारी की और इंग्लैंड को एक ओवर शेष रहते चार विकेट से जीत दिला दी।