Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान Rishabh Pant की बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। पूर्व RCB कप्तान Faf du Plessis ने पंत की स्ट्राइक रेट और बल्लेबाजी अप्रोच पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि पंत को टी20 क्रिकेट में ज्यादा कंसिस्टेंसी लाने की जरूरत है।

स्ट्राइक रेट पर उठाए सवाल

फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि पंत जैसे खिलाड़ी की स्ट्राइक रेट 130 के आसपास होना हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि पंत के पास हर तरह के शॉट हैं, लेकिन फिर भी वह टी20 में उतने प्रभावी नहीं दिखते।

फाफ ने कहा, 'ऋषभ पंत के पास जबरदस्त टैलेंट है। टेस्ट क्रिकेट में आप उन्हें खेलते देखते हैं तो लगता है कि उनके पास हर शॉट है। लेकिन टी20 में आपको एक प्लान और तरीका चाहिए। मुझे लगता है कि उनके दिमाग में बहुत सारे ऑप्शन चलते रहते हैं और वह हर गेंद पर छक्का मारना चाहते हैं।'

“कभी भी आउट हो सकते हैं पंत”

फाफ ने आगे कहा, 'जब आप पंत को खेलते देखते हैं तो लगता है कि वह कभी भी आउट हो सकते हैं क्योंकि उनकी बल्लेबाजी कई बार बहुत जल्दबाजी वाली लगती है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतने शॉट होने के बावजूद उनका टी20 स्ट्राइक रेट लगभग 130 है।'

पंत को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए

फाफ डु प्लेसिस का मानना है कि IPL 2026 में पंत को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। लखनऊ की टीम में टॉप ऑर्डर पहले से मजबूत है, इसलिए पंत के लिए नंबर-3 सही पोजिशन हो सकती है।

उन्होंने कहा, 'लखनऊ की टीम में एडेन मार्करम, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन जैसे बल्लेबाज हैं। पूरन नीचे भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे में पंत के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करना सही रहेगा और मैं इस सीजन उन्हें नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते देखता हूं।' यहां फाफ ने Aiden Markram, Mitchell Marsh और Nicholas Pooran का भी जिक्र किया।

पंत की बल्लेबाजी में कंसिस्टेंसी की कमी

फाफ का मानना है कि पंत को एक-दो बड़ी पारियों की बजाय लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'पंत की बल्लेबाजी कई बार बिखरी हुई लगती है। उन्हें यह समझना होगा कि उनका गेम प्लान क्या है। आप हर गेंद पहले से सोचकर नहीं खेल सकते, यह बहुत रिस्की है। उन्हें कंसिस्टेंसी लानी होगी और अलग-अलग शॉट्स पर काम करना होगा।'

टी20 टीम से भी बाहर चल रहे हैं पंत

गौर है कि Rishabh Pant टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, लेकिन बाद में वह टी20 टीम से बाहर हो गए। टीम में विकेटकीपर के तौर पर Sanju Samson, Ishan Kishan और Jitesh Sharma जैसे खिलाड़ियों को मौका मिला। अब IPL 2026 में पंत के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा। लखनऊ की टीम अपना पहला मैच Delhi Capitals के खिलाफ खेलेगी, जो पंत की पूर्व टीम भी रह चुकी है।