Sports

खेल डैस्क : आईपीएल 2024 की दिसंबर में हुई नीलामी से पहले ही मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड किए हार्दिक पांड्या को कप्तान बना दिया था। इसी के साथ ही एक दशक से कप्तान चल रहे रोहित की भूमिका टीम में बतौर सलामी बल्लेबाज ही रह गई। आगामी सीजन में अब पांच बार मुंबई इंडियंस को खिताब दिलाने वाले रोहित अब हार्दिक पंड्या के नेतृत्व में खेलते नजर आएंगे। उधर, फ्रेंचाइजी द्वारा हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने पर फैंस का विरोध भी सहना पड़ा। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि फ्रेंचाइजी ने सही फैसला किया है।


सुनील गावस्कर ने स्वीकार किया कि एमआई एक ऐसी टीम है जो हमेशा भविष्य की ओर देखती है। गार्ड स्विच से रोहित की कप्तानी का बोझ कम हो जाएगा। गावस्कर  ने कहा कि देखिए, उन्होंने हमेशा फ्रेंचाइजी के भविष्य के बारे में सोचा है। रोहित शर्मा पहले से ही 36 साल के हैं और तीनों प्रारूपों के लिए भारत के कप्तान होने के कारण उन पर काफी दबाव भी है। उन्होंने उस बोझ को कुछ कम करने और हार्दिक पंड्या के युवा कंधों पर वह जिम्मेदारी देने की कोशिश की है।


गावस्कर ने कहा कि हार्दिक को कप्तानी सौंपने से केवल मुंबई इंडियंस को फायदा होगा। उन्होंने अब रोहित को शीर्ष क्रम पर जाकर खुद को खुलकर अभिव्यक्त करने की आजादी दे दी है। हार्दिक फिर नंबर 3 या नंबर 5 पर आ सकते हैं और उन्हें लगातार 200 से अधिक का स्कोर बनाने में मदद कर सकते हैं।