स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में LSG की लगातार हार ने टीम को गहरे संकट में डाल दिया है और अब इसकी सबसे बड़ी वजह एक खिलाड़ी की खराब फॉर्म को माना जा रहा है। Nicholas Pooran का बल्ला इस सीजन पूरी तरह खामोश रहा है, जिसने टीम की बल्लेबाजी को कमजोर कर दिया है। छह मैचों में सिर्फ 51 रन बनाने वाले पूरन अब सवालों के घेरे में हैं और उनकी फॉर्म LSG के लिए सबसे बड़ी चिंता बन चुकी है।
लगातार हार से बढ़ा दबाव
Rishabh Pant की कप्तानी वाली लखनऊ टीम 255 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही। हालांकि ओपनिंग जोड़ी ने तेज शुरुआत दी, लेकिन बीच के ओवरों में टीम लड़खड़ा गई। इस दौरान पूरन से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे टीम की स्थिति और खराब हो गई।
मनोज तिवारी का बड़ा बयान
पूर्व भारतीय बल्लेबाज Manoj Tiwary ने पूरन की फॉर्म पर खुलकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि निकोलस पूरन को क्या हो गया है। इतना बड़ा खिलाड़ी इस तरह रन बनाने में संघर्ष कर रहा है, यह चिंता की बात है।' तिवारी ने आगे कहा, 'अगर खिलाड़ी पूरे साल इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलता, तो ऐसी ही खराब फॉर्म देखने को मिलती है। फ्रेंचाइजी को भविष्य में रिटायर खिलाड़ियों को चुनने से पहले दो बार सोचना होगा।'
आंकड़े कर रहे हैं निराश
पूरन का प्रदर्शन इस सीजन बेहद खराब रहा है। उन्होंने 6 मैचों में सिर्फ 51 रन बनाए हैं, उनका औसत 8.50 और स्ट्राइक रेट 79.68 रहा है। पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले इस खिलाड़ी से इस बार टीम को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अब तक वह उन पर खरे नहीं उतर पाए हैं।